लक्ष्य से अधिक यूडी केस लंबित रहना चिताजनक : आइजी
दरभंगा। आइजी पंकज दाराद ने गुरुवार को एसएसपी कार्यालय का निरीक्षण किया। इसमें विगत दो माह के अंदर लंबित कांडों का निष्पादन अधिक पाया गया।
दरभंगा। आइजी पंकज दाराद ने गुरुवार को एसएसपी कार्यालय का निरीक्षण किया। इसमें विगत दो माह के अंदर लंबित कांडों का निष्पादन अधिक पाया गया। इस गति को यथावत रखने का उन्होंने निर्देश दिया। लापरवाह अनुसंधानकों पर कार्रवाई करने का आदेश दिया। पर्यवेक्षणकर्ताओं को भी जवाबदेही के तहत काम करने को कहा। पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिले, इसके लिए उन्होंने त्वरित कांडों का निष्पादन करने को कहा। हालांकि, एसएसपी बाबू राम की पहल को उन्होंने काफी सराहा। कहा कि पांच से अधिक मामलों का निष्पादन करने वालों को पुरस्कृत करने से लंबित मामलों के निष्पादन को गति मिली है। कहा कि दर्ज प्राथमिकी के दो गुणा अधिक मामलों का निष्पादन होना अच्छी बात है। लेकिन, अभी भी लक्ष्य से आठ गुणा मामले पेंडिग हैं। जो सही नहीं है। निष्पादन की दिशा में और गति देने की जरूरत है। निष्पादन के बाद कोर्ट में आरोप पत्र समर्पित हो इस पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। कोर्ट से पावती रसीद प्राप्त कर संचिका में अंकित करने को कहा। यूडी केस निष्पादन में तेजी नहीं पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। कहा 414 यूडी केस लंबित रहना चिताजनक है। उन्होंने अंचल इंस्पेक्टर को तेजी से अभियान चलाकर निष्पादन करने का विशेष टास्क दिया। इसके लिए उन्होंने 15 दिनों का समय दिया। जबकि, लंबित कुर्की और वारंटियों के निष्पादन के लिए उन्होंने सघन अभियान चलाने को कहा। चार घंटों तक किए निरीक्षण में आइजी ने लूट, हत्या, डकैती, चोरी, अपहरण, दुष्कर्म जैसे संगीन वारदातों की समीक्षा की। आइजी ने पाया कि गत दो महीने की तुलना में जिले में आपराधिक घटनाओं में कमी आई है। लूट, हत्या, डकैती जैसे संगीन वारदातों की संख्या घटी है। काफी संख्या में हुई अपराधियों की गिरफ्तारी को आइजी ने सराहना की। पुलिस अफसरों के परफार्मेंस को ठीक बताया। लेकिन और बेहतर करने को लेकर विशेष रणनीति के तहत काम करने को कहा। उन्होंने पुलिस अनुमंडल वाइज अपराध, लंबित केसों व वारंट की समीक्षा कर एकाउंट शाखा के रजिस्टर सहित बारीकी से कई संचिकाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने संचिकाओं के रखरखाव पर भी गंभीर होने को कहा। आइजी के निरीक्षण में नगर एसपी योगेंद्र कुमार, मुख्यालय डीएसपी सुधीर कुमार मौजूद थे।