बिहार में भी चला 'योगी मॉडल', अतिक्रमण पर गरज रहा बुलडोजर, दरभंगा समेत उत्तर बिहार में हड़कंप
दरभंगा में अतिक्रमण के खिलाफ 'योगी मॉडल' की तर्ज पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू हुई है। नेहरा लुल्हवा चौक और बालू ...और पढ़ें

दरभंगा के मनीगाछी अतिक्रमण पर चल रही कार्रवाई। जागरण
HighLights
'योगी मॉडल' की तर्ज पर बिहार में अतिक्रमण हटाओ अभियान।
दरभंगा के नेहरा लुल्हवा चौक पर बुलडोजर से कार्रवाई।
200 से अधिक दुकानें प्रभावित, बिजली आपूर्ति भी बाधित।
जागरण संवाददता, मनीगाछी (दरभंगा) । उत्तर बिहार की सियासी फिजा में अचानक तेज कंपन महसूस हुआ जब दरभंगा की सड़कों पर बुलडोजर गरजता दिखा। जिस ‘योगी मॉडल’ की गूंज अब तक यूपी तक सीमित मानी जा रही थी, वही सख्ती अब बिहार में भी नजर आने लगी है। अतिक्रमण के ख़िलाफ प्रशासन की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से दरभंगा समेत पूरे उत्तर बिहार के सभी जिलों में हड़कंप मच गया है। सवाल उठने लगे हैं कि क्या बिहार की कानून-व्यवस्था अब नए तेवर में दिखाई देगी?
दरभं नेहरा लुल्हवा चौक पर अतिक्रमणकारियों पर चला बुलडोजर
मनीगाछी सीमा क्षेत्र में नेहरा लुल्हवा चौक एवं बालू चौक पर अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में भारी पुलिस बल के साथ बुलडोजर लेकर पहुंचे सीओ रविकांत और नेहरा थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने मुख्य सड़क के 30 फीट के दायरे में अतिक्रमित भूमि को खाली कराया।
इस दौरान नेहरा पश्चिमी के मुखिया अब्दुल मालिक, पूर्व मुखिया गैस उद्दीन, कैलाश सहनी और सुशील चौधरी जैसे प्रमुख लोग भी शामिल थे। दुकानदारों ने बिना किसी विरोध के चिह्नित स्थानों को खाली कर दिया। यह अतिक्रमित भूमि सड़क किनारे बनाए जा रहे नाले के लिए आवश्यक थी, जिससे दो सौ से अधिक दुकानदार प्रभावित हुए हैं।
स्थानीय व्यवसायियों ने बताया कि अतिक्रमण हटाने से पहले उचित नोटिस दिया जाना चाहिए था। 10 जनवरी को अंचल कार्यालय के कर्मियों ने दुकानों पर नोटिस चिपकाकर जमीन खाली करने का निर्देश दिया था। दुकानदारों का कहना है कि सड़क के दोहरीकरण के दौरान नाला निर्माण कार्य चल रहा है, जो अंतिम चरण में है।
इस कार्रवाई के दौरान बिजली विभाग ने किसी अप्रिय घटना की आशंका के चलते 11 हजार वोल्ट की लाइन बंद कर दी, जिससे चार सौ से अधिक उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आपूर्ति तब तक बंद रहेगी जब तक सभी कनेक्शन को अलग नहीं किया जाता। सीओ रविकांत ने बताया कि अस्थाई जगह को 24 घंटे पहले नोटिस देकर खाली कराया जा रहा है, जबकि स्थायी निर्माण के लिए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बिजली विभाग ने बंद कर दी आपूर्ति
अतिक्रमित भूमि को खाली कराने की चल रही कार्रवाई के दौरान किसी अप्रिय घटना की आशंका से बिजली विभाग द्वारा 11 हजार के लाइन बंद कर दिए गए। इसके साथ ही यहां लगे दो ट्रांसफार्मरों को भी बंद कर दिया गया है, जिससे यहां चार सौ से अधिक उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति बंद हो गई है।
बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार इसकी आपूर्ति पोल से जुड़े सभी दुकानों के कनेक्शन को अलग करने के बाद किया जाएगा जो अगले दिन होगा।इस बीच किसी संभावित अप्रिय घटना को ध्यान में रखते हुए इसे चालू नहीं किया जाएगा।
अतिक्रमित भूमि खाली कराते सीओ रविकांत ने बताया कि प्रथम चरण में सड़क किनारे अस्थाई जगह को महज 24 घंटा पहले नोटिस देकर खाली कराया जा रहा है। स्थायी निर्माण करनेवाले लोगों को नियमानुसार समय पर मापी के साथ ही नोटिस देकर खाली कराने की कार्रवाई की जाएगी। जिसमें लुल्हवा चौक पर बने बजरंगबली मंदिर भी शामिल हैं।
