बाढ़ से स्थायी निदान के लिए एसडीओ को सौंपा सुझाव पत्र
बाढ़ के स्थायी निदान को ले भाजपा बिरौल दक्षिणी मंडल अध्यक्ष रंजीत कुमार झा के नेतृत्व में भाजपा के प्रतिनिधि मंडल ने बिरौल एसडीओ ब्रजकिशोर लाल से मिलकर उन्हें सुझाव पत्र सौंपा।
दरभंगा । बाढ़ के स्थायी निदान को ले भाजपा बिरौल दक्षिणी मंडल अध्यक्ष रंजीत कुमार झा के नेतृत्व में भाजपा के प्रतिनिधि मंडल ने बिरौल एसडीओ ब्रजकिशोर लाल से मिलकर उन्हें सुझाव पत्र सौंपा। प्रतिनिधि मंडल में शामिल भाजपा के प्रवक्ता मणिकांत मिश्र ने बताया कि बिरौल अनुमंडल एक बाढ़ग्रस्त क्षेत्र बन गया है। बिरौल अनुमंडल के दक्षिणी भाग के नदियों में बालू जमा हो जाने के कारण बाढ़ के पानी की निकासी बाधित हो गई है। इसके कारण अनुमंडल क्षेत्र की हजारों हेक्टेयर कृषि भूमि और मवेशी बाढ़ का कोप झेलते हैं। साथ ही रबी फसल की बुआई भी ससमय नहीं हो पाती है। हजारों हेक्टेयर भूमि जनवरी-फरवरी तक जलजमाव रहती है। इसके लिए अनुमंडलाधिकारी को कुनौनी-ठीका, चातर, महरी होते हुए लरांच गांव में कमला-जीवछ नदी तक बरसाती नदी की उड़ाही करने, कमला-जीवछ नदी की उड़ाही करवाने, पुरानी कमला नदी से फूलतोरा घाट तक उड़ाही करने आदि का सुझाव दिया गया। प्रतिनिधि मंडल में गौड़ाबौराम विधानसभा क्षेत्र के भाजपा के बीएलए सीताराम झा, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष मणिकांत मिश्र, गौड़ाबौराम के मंडल अध्यक्ष महावीर सिंह, घनश्याम कुमार, भगवान ठाकुर, भोला मिश्र आदि थे। ---------------