विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 30, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

NDA में JDU की नो एंट्री: BJP अध्यक्ष बोले- चाचा-भतीजे से जनता परेशान, किसी कीमत पर नीतीश को नहीं करेंगे शामिल

By Mrityunjay BhardwajEdited By: Yogesh Sahu
Published: Mon, 30 Jan 2023 02:36 AM (IST)Updated: Mon, 30 Jan 2023 08:35 AM (IST)

बिहार में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल ने रविवार को नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा ...और पढ़ें

'चाचा-भतीजे की उलटबाजी से जनता परेशान'- संजय जायसवाल, बोले- नीतीश को किसी कीमत पर भाजपा में शामिल नहीं करेंगे
'चाचा-भतीजे की उलटबाजी से जनता परेशान'- संजय जायसवाल, बोले- नीतीश को किसी कीमत पर भाजपा में शामिल नहीं करेंगे

दरभंगा, संवाद सहयोगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल ने कहा है कि हम किसी भी कीमत में नीतीश कुमार को भाजपा में शामिल नहीं करेंगे। नीतीश कुमार ने व्यक्तिगत विश्वसनीयता खो दी है। इस कारण पिछले विधानसभा चुनाव में 43 सीटों पर सिमट कर रह गए। हम 74 सीट जीते थे।

उन्होंने कहा कि इसके बावजूद भी प्रधानमंत्री मोदी ने बड़ा दिल दिखाते हुए उन्हें (नीतीश कुमार को) मुख्यमंत्री बनाने का काम किया, लेकिन नीतीश कुमार ने ऐसा कोई सगा नहीं; जिसको ठगा नहीं को चरितार्थ किया। अपने साथ रहने वाले हर किसी को उन्होंने ठगने का काम किया। पार्टी के सर्वश्रेष्ठ नेता की उदारता का गलत इस्तेमाल किया।

मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने का काम करें

दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बाद डा. जायसवाल संवाददाताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कार्यसमिति की बैठक में लक्ष्य तय हुआ है कि अगली बार लोकसभा की 36 से 38 सीटें जीतें और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दो तिहाई बहुमत से फिर से प्रधानमंत्री बनाने का काम करें।

बिहार की जनता ने नरेंद्र मोदी पर भरोसा किया

प्रधानमंत्री मोदी एक बहुमत की सरकार के प्रधानमंत्री बनें, क्योंकि आज बिहार में जो गरीबों को मकान मिले हैं और राशन मिल रहा है, यह सब सिर्फ इसलिए हो रहा है, क्योंकि बिहार की जनता ने नरेंद्र मोदी पर पूरा भरोसा किया। जिसकी बदौलत उन्होंने गरीब कल्याण की योजनाएं चलाईं और देश के औद्योगीकरण का विस्तार किया।

भाजपा पर उम्मीद टिकाए बैठी जनता

जायसवाल ने कहा कि हम विश्वास दिलाते हैं कि बिहार की जनता ने जो विश्वास भाजपा और मोदी पर किया, उस पर खरे उतरेंगे। इस कार्यसमिति के बाद जिलों और मंडलों में भी कार्यसमिति होगी। विधानसभा चुनाव के संबंध में पूछने पर उन्होंने कहा कि इस बार अपने दम पर सरकार बनाएंगे। चाचा-भतीजे की उलटबाजी से बिहार की जनता परेशान हो चुकी है और भाजपा पर उम्मीद की नजर टिकाए बैठी है।