बिहार कैबिनेट में 6 बच्चों के पिता ने बनाई जगह, पंचायत की पॉलिटिक्स से प्रदेश के मंत्री पद तक पहुंचे BJP MLA
NDA Cabinet Bihar: हायाघाट विधायक रामचंद्र प्रसाद साह को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल में शामिल किया गया, जिससे मिथिलांचल ...और पढ़ें

पटना के गांधी मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के दौरान रामचंद्र साह (बाएं से दूसरे) व अन्य। फोटो: आइपीआरडी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, दरभंगा। New Ministers Bihar: हायाघाट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक रामचंद्र प्रसाद साह को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने के बाद मिथिलांचल में खुशी का माहौल है। गुरुवार को पटना के गांधी मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में उन्होंने मंत्री पद की शपथ ली।
उनके मंत्री बनने की खबर मिलते ही हायाघाट सहित पूरे दरभंगा जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने खुशी जताई। कई जगहों पर मिठाइयां बांटी गईं और जश्न मनाया गया।
जमीनी स्तर से शुरू किया राजनीतिक सफर
रामचंद्र प्रसाद साह का राजनीतिक सफर पूरी तरह जमीनी स्तर से शुरू हुआ। उन्होंने किसी बड़े राजनीतिक परिवार की विरासत के बिना संगठन और जनता के बीच अपनी पहचान बनाई।
वह राजनीति में अपने परिवार के अकेले सदस्य हैं। पेशे से व्यवसायी रामचंद्र प्रसाद साह चार भाइयों और दो बहनों में दूसरे स्थान पर हैं।
तेली समाज से आते हैं रामचंद्र प्रसाद
रामचंद्र प्रसाद साह तेली समाज से संबंध रखते हैं, जिसे वैश्य समुदाय की मजबूत कड़ी माना जाता है। मिथिलांचल और कोशी क्षेत्र में इस समाज की अच्छी आबादी है और भाजपा का परंपरागत समर्थक वर्ग भी माना जाता है।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, पिछड़ा वर्ग और वैश्य समाज में उनकी मजबूत पकड़ को देखते हुए भाजपा ने उन्हें मंत्रिमंडल में जगह दी है।
2020 में पहली बार बने विधायक
भाजपा ने वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में पहली बार उन्हें हायाघाट सीट से उम्मीदवार बनाया था। उन्होंने चुनाव जीतकर पार्टी के भरोसे को मजबूत किया। इसके बाद वर्ष 2025 के चुनाव में भी पार्टी ने उन पर भरोसा कायम रखा और उन्होंने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की।
जिला परिषद सदस्य से मंत्री तक का सफर
विधानसभा चुनाव से पहले रामचंद्र प्रसाद साह पंचायत राजनीति में सक्रिय रहे। उन्होंने जिला परिषद सदस्य का चुनाव जीतकर स्थानीय राजनीति में अपनी पहचान बनाई थी। इसके बाद भाजपा ने उन्हें विधानसभा चुनाव में मौका दिया और अब मंत्री पद तक पहुंचने में वे सफल रहे।
पीएचडी की डिग्री हासिल कर चुके हैं मंत्री
रामचंद्र प्रसाद साह उच्च शिक्षित नेताओं में गिने जाते हैं। उन्होंने पीएचडी की डिग्री हासिल की है। शिक्षा, व्यवसाय और राजनीति के अनुभव ने उन्हें क्षेत्र में एक गंभीर और सक्रिय नेता की पहचान दिलाई है।
करोड़ों की संपत्ति के मालिक
चुनावी शपथ पत्र के अनुसार, रामचंद्र प्रसाद साह की कुल संपत्ति तीन करोड़ 26 लाख 53 हजार 306 रुपये है। उनके परिवार में दो पुत्र और चार पुत्रियां हैं। मंत्री पद की शपथ लेने के बाद उनके गांव और शहर में समर्थकों का उत्साह देखने लायक रहा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटकर खुशी जताई।

