छठव्रती जनप्रतिनिधि करती हैं खुद के समाज की मंगल कामना
छठ पूजा की तैयारी में पूरा शहर जुट चुका है। हमारे कई जनप्रतिनिधि भी हर साल छठ पूजा करते हैं। ये खुद की समृद्धि के साथ-साथ समाज के कल्याण की कामना भी करते हैं।
दरभंगा । छठ पूजा की तैयारी में पूरा शहर जुट चुका है। हमारे कई जनप्रतिनिधि भी हर साल छठ पूजा करते हैं। ये खुद की समृद्धि के साथ-साथ समाज के कल्याण की कामना भी करते हैं। आइए जानते हैं कि छठ पूजा को लेकर इनके क्या विचार हैं।
छठ लोक आस्था का पर्व है। यह इसलिए, क्योंकि मन में जो कामना रख कर हम यह पूजा करते हैं, वह जरूर पूरी होती है। गृहिणी होने के नाते परिवार के कल्याण के लिए तो पिछले कई सालों से यह पर्व करती आ रही हूं। जनप्रतिनिधि बनने के बाद जिम्मेवारी भी बढ़ गई है। अब तो रन्ना माई से यही प्रार्थना है कि वे पूरे क्षेत्र की जनता का कल्याण करें। शहर की मेयर बनने के बाद इसी कामना के साथ छठ कर रही हूं। छठ में किसी को कोई समस्या ना हो, इसके लिए भी नगर निगम की ओर से विशेष सजगता बरती जा रही है।
वैजयंती देवी खेड़िया, मेयर, नगर निगम छठ पर्व करते कितने साल हो गए यह अब याद नहीं। रन्ना माई के प्रति आस्था इतनी अटूट है कि कम उम्र से ही उनकी पूजा शुरू कर दी। जब जो मनोकामना की है उसे रन्ना माई ने पूरा किया है। गांव के भगवती स्थान मंदिर स्थित तालाब में हर साल भगवान सूर्य को अर्घ्य देती आ रही हूं। पूजा के चार दिन पहले से ही विधि-विधान के साथ पूजा की तैयारी करती हूं। जब से जनप्रतिनिधि बनी हूं तब से रन्ना माई से पूरे क्षेत्र के कल्याण की कामना कर रही हूं। इस बार भी छठ पूजा की तैयारी शुरू हो चुकी है। घर के सारे लोग तन-मन से पूजा की तैयारियों में जुटे हैं। छठ पूजा की महिमा महान है।
गीता देवी, अध्यक्ष, जिला परिषद
मेरे घर में मेरी सास हर साल छठ पूजा करती हैं और भगवान सूर्य को अर्घ्य देती हैं। छठ पूजा की महिमा ऐसी है कि जो कोई भी सच्चे मन से यह पूजा करते हैं या इसमें अपना सहयोग देते हैं, उनकी मनोकामना रन्ना माई जरूर पूरी करती हैं। मेरी सास अब बूढ़ी हो चुकी हैं, इसलिए पूजा की हर तैयारी में हर साल मैं उनका सहयोग करती हूं। पूजा की सामग्री तैयार करने से लेकर रन्ना माई का डाला सजाने तक में अपना योगदान देती हूं। पहले तो अपने परिवार के लिए ही मनोकामनाएं मन में होती थीं, लेकिन जब से क्षेत्र की जनता का विश्वास मिला है, तब से उनके कल्याण की मनोकामना भी कर रही हूं।
ललिता झा, उपाध्यक्ष, जिला परिषद छठ तो मन्नतों का ही पर्व है। सच्ची श्रद्धा से जो कोई भी छठ मैया की पूजा करते हैं उनकी हर मन्नतें पूरी होती है। यही सोचकर हर साल पूरी श्रद्धा से छठ पूजा करती हूं। अपने परिवार के साथ ही पूरे वार्ड की खुशहाली की कामना करती हूं। पूरा विश्वास है कि रन्ना माई यह मुराद जरूर पूरी करेगी। छठ की तैयारी तो शुरू हो चुकी है। वार्ड में कई जगहों पर लोग भगवान सूर्य को अर्घ्य देते हैं। उन्हें कोई कठिनाई ना हो, इसके लिए विशेष ख्याल रखा जा रहा है। इस पूजा में जो भी अर्घ्य दिए जाते हैं वे सब किसी ना किसी मन्नत के ही प्रतीक होते हैं।
सुचित्रा रानी, पार्षद, वार्ड 15 छठ मैया की महिमा अपार है। लंबे समय से छठ करती आ रही हूं और जो कुछ रन्ना माई से मांगा, सब पूरा हुआ। जब से जनप्रतिनिधि बनी हुं, पूरे वार्ड की जिम्मेवारी सर पर है। अब तो रन्ना माई से यही प्रार्थना है कि वार्ड की सभी जनता को खुशहाल करें। यह पर्व ऐसा है जो गरीब-अमीर में कोई भेद नहीं करता। पूजा के समय समाज के सभी वर्गों के लोग एक साथ मिलकर पूजा करते हैं। अगर यही भावना पूरे साल बनी रहे तो हमारा समाज तरक्की के पथ पर आगे बढ़ेगा। छठ मैया से यही प्रार्थना है कि वे सभी को सदबुद्धि दें।
बेला देवी, पार्षद, वार्ड 20