विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा में उधारी के पैसे मांगने पर दबंगई, 20 युवकों ने झटका मीट रेस्टोरेंट के संचालक को पीट-पीटकर किया अधमरा

By Ajay PandeyEdited By: Nishant Bharti
Published: Thu, 01 Oct 2026 10:27 AM (GMT+05:30)

दरभंगा में एक रेस्टोरेंट संचालक को उधारी के पैसे मांगने पर करीब 20 युवकों ने बेरहमी से पीटा और रेस्टोरेंट ...और पढ़ें

दरभंगा में उधारी के पैसे मांगने पर दबंगई

दरभंगा में उधारी के पैसे मांगने पर दबंगई

HighLights

  1. दरभंगा में रेस्टोरेंट संचालक को उधारी मांगने पर पीटा गया।

  2. करीब 20 युवकों ने रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ भी की।

  3. पुलिस सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान कर रही है।

संवाद सहयोगी, दरभंगा। नगर थाना क्षेत्र के सर्वे कार्यालय परिसर स्थित एक रेस्टोरेंट में बुधवार देर शाम चाकू-छुरी से लैस उच्चकों ने जमकर बवाल काटा। रेस्टोरेंट की कुर्सी-टेबल तोड़ने के साथ विरोध जताने पर संचालक सहित महिला कर्मियों को पीटा। मारपीट में बुरी तरह जख्मी रेस्टोरेंट संचालक लोगों ने आनन-फानन में डीएमसीएच भर्ती कराया।

जख्मी संचालक मधुबनी जिले के पंडौल थाना क्षेत्र के सरसोपाही रामपुर गांव निवासी अवधेश कुमार झा के पुत्र सुमित कुमार झा (32) बताएं जाते हैं। जो झटका मीट रेस्टोरेंट चलाकर जीवनयापन करते हैं।

दूसरे दिन भुगतान का आश्वासन दिया

डीएमसीएच में जख्मी सुमित कुमार झा ने बताया कि तीन-चार दिन पहले दीपक झा नामक एक युवक अपने आठ दोस्तों के साथ खाना खाने रेस्टोरेंट आया। फिर पास में पैसा नहीं होने की बात बताकर दूसरे दिन भुगतान का आश्वासन दिया। 

WhatsApp Image 2026-10-01 at 9.56.21 AM

उन्होंने बताया कि इसके बाद कई बार फोनकर बकाया राशि देने को कहा पर उसने नहीं दिया। इसके बाद बुधवार शाम अचानक दीपक झा करीब 20 युवकों के साथ पहुंचा और रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ करने लगा। 

कुर्सी और डंडे से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया

उन्होंने बताया कि उच्चकों को उपद्रव मचाने से रोका तो कुर्सी और डंडे से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे रेस्टोरेंट की महिला कर्मियों के साथ भी धक्कम-मुक्की किया। उन्होंने बताया कि पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद है। 

सूचना पर नगर थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और स्वस्थ होने के बाद आवेदन देने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। इधर, नगर थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज से उच्चकों की पहचान कर तलाश में जुटी है। भीड़भाड़ इलाके में ऐसी वारदात से अन्य दुकानदारों में दहशत का माहौल है।

यह भी पढ़ें- दरभंगा मेंं हार्लिक्स में सल्फास मिलाकर पति की हत्या, कोर्ट ने पत्नी को दी उम्रकैद