बिना 1 रुपये खर्च किए शुरू करें गन्ने की खेती! 30 साल से बंद 2 चीनी मिलें होंगी चालू, बिहार सरकार बांट रही मुफ्त बीज
रैयाम और सकरी चीनी मिलों को दोबारा शुरू करने की तैयारी के तहत गन्ने की खेती का दायरा बढ़ाने की कवायद शुरू हो गई है।

रैयाम-सकरी चीनी मिलों के लिए गन्ने की खेती को मिलेगा बढ़ावा, किसानों को मुफ्त बीज (AI Generated Image)
HighLights
बंद पड़ी रैयाम और सकरी चीनी मिलें होंगी दोबारा चालू।
किसानों को निशुल्क उन्नत किस्म का गन्ना बीज मिलेगा।
गन्ने की खेती के लिए ऑनलाइन आवेदन 25 नवंबर तक।
संवाद सहयोगी, केवटी (दरभंगा)। तीन दशक से अधिक समय से बंद पड़ी रैयाम और सकरी चीनी मिलों को दोबारा चालू करने की तैयारी के बीच अब गन्ने की खेती का दायरा बढ़ाने की कवायद शुरू हो गई है। इसके लिए सरकार किसानों को उन्नत किस्म का गन्ना बीज निशुल्क उपलब्ध कराएगी।
योजना के तहत किसानों को बिना बीज खरीदे गन्ने की खेती शुरू करने का अवसर मिलेगा। योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 25 नवंबर कर दी गई है।
जिले के केवटी प्रखंड स्थित रैयाम और मधुबनी जिले की सकरी चीनी मिलों के लिए नए क्षेत्रों में गन्ना फसल क्षेत्र विस्तार कार्यक्रम शुरू किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य दोनों चीनी मिलों के लिए पर्याप्त मात्रा में गन्ने की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
सरकार की कोशिश है कि मिलों के आसपास के क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर गन्ने की खेती हो, ताकि भविष्य में चीनी मिलों का संचालन शुरू होने पर कच्चे माल की कमी नहीं हो।
किसानों को मिलेगा निशुल्क उन्नत बीज:
योजना के तहत किसानों को गन्ने की उन्नत किस्म का बीज निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा किसान गोष्ठी, कार्यशाला और प्रशिक्षण के माध्यम से गन्ने की आधुनिक खेती की जानकारी भी दी जा रही है। इससे किसानों की शुरुआती लागत कम होगी और गन्ने की खेती के प्रति उनका रुझान बढ़ेगा।
गन्ना उद्योग विभाग के सहायक निदेशक अजीत कुमार ने बताया कि योजना का लाभ लेने के इच्छुक किसान 25 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
पहले आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर निर्धारित थी, जिसे बढ़ा दिया गया है। योजना का लाभ उन्हीं किसानों को मिलेगा, जिनके पास न्यूनतम 0.25 एकड़ और अधिकतम 2.5 एकड़ तक जमीन है।
आवेदन के लिए किसानों को जमीन की रसीद और गन्ना निबंधन आइडी की आवश्यकता होगी। इच्छुक किसान गन्ना उद्योग विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
मिलों के चालू होने पर मिलेंगे रोजगार के अवसर:
रैयाम और सकरी चीनी मिलों को दोबारा चालू करने की दिशा में गन्ने का उत्पादन बढ़ाना महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। गन्ने का रकबा बढ़ने से किसानों को पारंपरिक फसलों के साथ एक वैकल्पिक फसल का अवसर मिलेगा।
वहीं, भविष्य में चीनी मिलों का संचालन शुरू होने पर स्थानीय स्तर पर रोजगार और कारोबार के नए अवसर पैदा होंगे। इससे मिथिलांचल के हजारों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- बिहार में किसानों को राहत: एग्रीस्टैक से जुड़ेंगे PACS, घर बैठे होगी खाद की बुकिंग और किराए पर मिलेंगे ड्रोन
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।