विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

56 हजार की मशीन 2.36 लाख में खरीदी, दरभंगा 1.50 करोड़ की गड़बड़ी में BDO-BPRO पर कार्रवाई का आदेश

Published: Thu, 26 Nov 2026 10:26 PM (IST)

दरभंगा के केवटी प्रखंड कार्यालय में 1.50 करोड़ रुपये के आरओ और सेनेटरी वेंडिंग मशीनों की खरीद में वित्तीय अनियमितता उजागर हुई है। 

दरभंगा जिले में आरओ और सेनेटरी वेंडिंग मशीन खरीद में घपला सामने आया है। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

दरभंगा जिले में आरओ और सेनेटरी वेंडिंग मशीन खरीद में घपला सामने आया है। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

जागरण संवाददाता, दरभंगा । केवटी प्रखंड कार्यालय में वित्तीय अनियमितता का एक और मामला सामने आया है। 15वें वित्त आयोग और छठे राज्य वित्त आयोग की राशि से करीब 1.50 करोड़ रुपये की आरओ और सेनेटरी वेंडिंग मशीनों की खरीद में गड़बड़ी की पुष्टि हुई है।

पंचायती राज विभाग के द्वितीय अपीलीय प्राधिकार ने 24 नवंबर 2026 को पारित अंतिम आदेश में दोषी बीडीओ और प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी (बीपीआरओ) के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही शुरू करने तथा प्रखंड प्रमुख पर बिहार पंचायत राज अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

यह मामला केवटी निवासी मो. इकबाल अंसारी की शिकायत पर हुई जांच से जुड़ा है। परिवादी के अनुसार, जिस मशीन का अधिकतम खुदरा मूल्य 56,990 रुपये था, उसकी खरीद 2,36,440 रुपये प्रति इकाई की दर से की गई।

करीब 1.50 करोड़ रुपये की खरीद को 11 से 14 लाख रुपये की छोटी-छोटी योजनाओं में बांटकर ई-टेंडरिंग से बचने का भी आरोप था।

शिकायत में पंचायत समिति की बैठक पंजी में हेरफेर, कौशल विकास केंद्र और भवन जीर्णोद्धार के नाम पर 45 लाख रुपये के दुरुपयोग तथा 14 सरकारी वृक्षों की कटाई का मामला भी उठाया गया था।

छोटी योजनाओं में बांटकर खरीद की

पंचायती राज विभाग के संयुक्त सचिव और बिहार राज्य पंचायत संसाधन संस्था के राज्य परियोजना प्रबंधक की संयुक्त जांच में खरीद को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटने की पुष्टि हुई।

जांच प्रतिवेदन के अनुसार, विशेष स्तर से प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त करने के उद्देश्य से ऐसा किया गया। जांच में वित्तीय अनियमितता भी स्पष्ट पाई गई।

दरअसल, प्रमंडलीय आयुक्त, दरभंगा के एक सितंबर 2026 के आदेश से असंतुष्ट होकर परिवादी ने द्वितीय अपीलीय प्राधिकार में अपील दायर की थी।

सुनवाई के बाद प्राधिकार ने जिलाधिकारी को दोषी बीडीओ और बीपीआरओ के विरुद्ध प्रपत्र-क गठित कर विभागीय कार्यवाही शुरू करने का निर्देश दिया। प्रखंड प्रमुख के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।

पदच्युति के आदेश के बाद भी पद पर काबिज

प्रखंड प्रमुख जिवछी देवी और तत्कालीन बीडीओ पर 13.15 लाख रुपये के दुरुपयोग का मामला भी है। लोक शिकायत निवारण प्राधिकार ने 12 जून 2026 को दोनों को दोषी ठहराते हुए पदच्युत करने का आदेश दिया था। द्वितीय अपीलीय प्राधिकार ने भी इस आदेश पर अंतिम मुहर लगा दी। इसके बावजूद जिवछी देवी अब तक प्रखंड प्रमुख के पद पर बनी हुई हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।