खोजी कुत्ते ने की जांच, नहीं मिला कोई प्रमाण
मनीगाछी थाना क्षेत्र के कन्हौली गांव के पूर्वी टोला में विद्युत विपत्र कलेक्शन एजेंट प्रभाष कुमार झा उर्फ शंकर झा के घर में डकैती की सूचना के बाद मंगलवार रात रात दो बजे एसएसपी बाबू राम और डीएसपी उमेश्वर चौधरी भी पहुंचे।
दरभंगा । मनीगाछी थाना क्षेत्र के कन्हौली गांव के पूर्वी टोला में विद्युत विपत्र कलेक्शन एजेंट प्रभाष कुमार झा उर्फ शंकर झा के घर में डकैती की सूचना के बाद मंगलवार रात रात दो बजे एसएसपी बाबू राम और डीएसपी उमेश्वर चौधरी भी पहुंचे। पुलिस को निर्देश देने के बाद घायल दंपती को लेकर आरबी मेमोरियल के लिए रवाना हो गए। बुधवार सुबह श्वानदस्ता टीम पहुंची। श्वान घर से आधा किमी दूर पैठान कबई की ओर जाने वाली सड़क पर जाकर रुक गया। इस वजह से ठोस प्रमाण नहीं मिला। डकैत हाफ पैंट और शर्ट पहने थे। मुंह को कपड़े से ढंका था। उम्र 20 से 25 साल के करीब थी।
बैंक में जमा नहीं हुई थी राशि : घायल शंकर झा बिजली विभाग के बिल कलेक्शन के फ्रेंचाइजी का काम करते हैं। उपभोक्ताओं के पैसे का कलेक्शन कर बैंक से बिजली विभाग में पैसा जमा करते हैं। 8 जनवरी को हुए कलेक्शन की राशि बैंक में हड़ताल रहने की वजह से जमा नहीं हो सकी। इसकी जानकारी संभवत: डकैतों को थी। उसने आते ही रुपये वाले बैग की खोज शुरू की। गृहस्वामी सपत्नीक गांव में ही रहते हैं। दोनों बेटियां ससुराल में और दोनों बेटे दिल्ली में पढ़ाई करते हैं।