विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा में आम के पेड़ से लटका मिला युवक का सिर; नीचे पड़ा था धड़, 10 दिन पहले हुई मौत

Published: Tue, 25 Aug 2026 10:10 PM (IST)Updated: Tue, 25 Aug 2026 10:21 PM (IST)

दरभंगा के महुली गांव में एक आम के पेड़ से 10 दिन पुराना, सड़ा-गला शव मिला, जिसकी पहचान किशन पंडित (28) के रूप में हुई।

मौके पर लगी लोगों की भीड़। (जागरण)

मौके पर लगी लोगों की भीड़। (जागरण)

HighLights

  1. महुली गांव में आम के पेड़ से मिला 10 दिन पुराना शव।

  2. मृतक की पहचान 28 वर्षीय किशन पंडित के रूप में हुई।

  3. पुलिस ने प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला बताया, जांच जारी।

पंचायत सूत्र, बहेड़ी। बहेड़ी थाना क्षेत्र के महुली गांव के खरहौर में मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे आम के पेड़ से एक युवक का 10 दिन पुराना शव (शव का सिर) मिलने से सनसनी फैल गई।

शव सड़-गल जाने के कारण युवक का सिर गमछे के सहारे पेड़ से लटका हुआ था, जबकि धड़ का बाकी हिस्सा नीचे जमीन पर पड़ा था। मृतक की पहचान महुली गांव निवासी बुधन पंडित के 28 वर्षीय पुत्र किशन पंडित के रूप में हुई है।

बताया गया कि बकरी चरा रहे ग्रामीणों को तेज दुर्गंध आने पर पेड़ की ओर संदेह हुआ। पास जाकर देखा तो युवक का सिर वाला हिस्सा पेड़ से लटका था। शव काफी पुराना होने के कारण उसमें कीड़े लग गए थे। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता सदल मौके पर पहुंचे। बेनीपुर के एसडीपीओ बासुकीनाथ झा ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया।

10 दिन पहले निकला था घर से

स्वजन के अनुसार, किशन करीब 10 दिन पहले घर से निकला था और वापस नहीं लौटा था। स्वजन उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई पता नहीं चल सका।

सूचना मिलने पर स्वजन मौके पर पहुंचे और चप्पल व कपड़े के आधार पर उसकी पहचान की। पुलिस के अनुसार, शव काफी दिनों से पेड़ पर लटका हुआ था। सड़ने-गलने की स्थिति में सिर गमछे के सहारे पेड़ से लटका रह गया, जबकि शरीर का बाकी हिस्सा नीचे जमीन पर गिर गया।

एसडीपीओ बासुकीनाथ झा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस सभी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। जांच में सामने आया कि किशन की वैवाहिक जिंदगी भी तनावपूर्ण थी।

8 साल पहले किया था प्रेम विवाह

करीब आठ वर्ष पहले उसने दिल्ली में अपने से 13 वर्ष बड़ी महिला से प्रेम विवाह किया था। शादी के एक साल बाद तक पत्नी उसके साथ रही और दोनों का एक पुत्र भी हुआ। बाद में पत्नी बच्चे को लेकर उसे छोड़कर चली गई। इसके बाद से किशन तनाव में रहने लगा था।

थानाध्यक्ष ने बताया कि करीब दो माह पहले उसका अपनी मां से भी विवाद हुआ था, जिसके बाद वह घर छोड़कर चला गया था। किशन अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी दो बहनों की शादी हो चुकी है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन स्वजन पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं हुए। काफी समझाने-बुझाने के बाद भी जब वे राजी नहीं हुए तो पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव स्वजन को सौंप दिया।

यह भी पढ़ें- झाड़-फूंक के बहाने अभद्र व्यवहार बना बुजुर्ग की हत्या का कारण, शिवहर में चार गिरफ्तार