दरभंगा में दाह संस्कार के बाद नदी में डूबा युवक, NDRF नहीं पहुंची तो ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
दरभंगा में दाह संस्कार के बाद जीवछ नदी में नहाने गए 35 वर्षीय अखिलेश यादव की डूबने से मौत हो ...और पढ़ें

गहरे पानी में चले जाने की वजह से हुआ हादसा।
संवाद सहयोगी, दरभंगा। Darbhanga Youth Drowning: सदर थाना क्षेत्र के काकरघाटी के समीप शनिवार दोपहर दाह संस्कार के बाद जीवछ नदी में स्नान करने के दौरान पैर फिसलने से 35 वर्षीय युवक गहरे पानी में डूब गया।
उसकी पहचान गांव के ही राजेंद्र यादव के पुत्र अखिलेश यादव (35) के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया और स्वजन व ग्रामीण नदी में उसकी तलाश में जुट गए।
ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार को गांव में एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी। इसके बाद शनिवार को सभी लोग नदी घाट के पास दाह संस्कार के लिए पहुंचे थे।
दाह संस्कार के बाद अखिलेश यादव नदी में स्नान करने गया, जहां गहरे पानी में जाने के बाद वह डूब गया।
बांस बल्ले से तलाश
अखिलेश के नदी में डूबने के बाद ग्रामीणों और स्वजन ने बांस-बल्ले की मदद से पानी के अंदर उसकी तलाश की। काफी प्रयास के बाद भी उसका पता नहीं चला। इसके बाद घटना की जानकारी सदर थाना पुलिस को दी गई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो ग्रामीणों और स्वजन ने एनडीआरएफ की टीम बुलाकर युवक की तलाश कराने की मांग की।
घटना के चार घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी एनडीआरएफ की टीम मौके पर नहीं पहुंची। इससे ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया।
बिजली चौक पर सड़क जाम
आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली चौक के पास दरभंगा-सकरी मुख्य पथ पर आगजनी कर सड़क जाम कर दिया। इससे फोरलेन पर करीब दो घंटे तक अफरातफरी की स्थिति बनी रही और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में पुलिस के समझाने-बुझाने पर शाम करीब चार बजे जाम हटाया गया।
जाम हटने के बाद ग्रामीण और स्वजन फिर से नदी में युवक की तलाश में जुट गए। अखिलेश के चाचा कृष्ण कुमार ने बताया कि उसे तैरना नहीं आता था, लेकिन वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। सदर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि देर शाम तक युवक का शव नहीं मिल सका था।
