विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर के गायघाट में हुए सड़क हादसे में: दरभंगा के युवक की मौत, छोटा भाई पटना रेफर

Published: Wed, 28 Oct 2026 04:14 PM (IST)

मुजफ्फरपुर के गायघाट में हुए सड़क हादसे में दरभंगा निवासी अमित कुमार महतो की मौत हो गई। अमित के शव को लेकर अस्पताल में बिल विवाद भी हुआ।

अमित कुमार महतो की फाइल फोटो।

अमित कुमार महतो की फाइल फोटो।

HighLights

  1. मुजफ्फरपुर गायघाट में सड़क हादसे में दरभंगा के युवक की मौत।

  2. अमित महतो की इलाज के दौरान मौत, सोनू पटना रेफर।

  3. अस्पताल में बिल विवाद के बाद परिजनों को मिला शव।

संवाद सहयोगी, दरभंगा। Muzaffarpur Gaighat Road Accident: मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र में एनएच-27 पर हुए सड़क हादसे में घायल दरभंगा निवासी दो भाइयों में से बड़े भाई की मौत हो गई, जबकि छोटे भाई की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पटना रेफर किया गया है।

मृतक की पहचान विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के चूनाभट्टी निवासी मुकेश महतो के पुत्र अमित कुमार महतो (18) के रूप में हुई है। वह दरभंगा जंक्शन स्थित रेलवे स्टाल पर काम करता था।

हादसे में घायल हुए दोनों भाई

जानकारी के अनुसार, अमित 22 अक्टूबर को अपने छोटे भाई सोनू कुमार महतो (16) के साथ किराये की कार से मुजफ्फरपुर जा रहा था।

इसी दौरान गायघाट के निकट एक अज्ञात वाहन से टक्कर के बाद कार पलट गई, जिसमें दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में कार चालक को हल्की चोट आई, जिसके बाद वह मौके से फरार हो गया।

निजी अस्पताल में चल रहा था इलाज

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे की जानकारी मिलने पर पहुंचे स्वजन बेहतर इलाज के लिए दोनों भाइयों को अल्लपट्टी स्थित एक निजी अस्पताल ले गए।

वहां इलाज के दौरान सोमवार शाम करीब चार बजे अमित की मौत हो गई, जबकि छोटे भाई सोनू की हालत गंभीर बनी रही।

बिल को लेकर हुआ विवाद

अमित की मौत के बाद निजी अस्पताल प्रबंधन ने इलाज का 75 हजार रुपये का बिल जमा करने को कहा। मृतक के चाचा अरुण महतो के अनुसार, स्वजनों ने पूरी राशि चुकाने में असमर्थता जताई तो अस्पताल कर्मियों ने शव सौंपने से मना कर दिया।

इसके बाद शव लेने को लेकर स्वजन और अस्पताल कर्मियों के बीच 24 घंटे से अधिक समय तक कहासुनी और मान-मनौव्वल होती रही।

45 हजार देने पर मिला शव

चाचा अरुण महतो ने बताया कि मंगलवार रात 45 हजार रुपये जमा करने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने शव स्वजनों को सौंप दिया। इसके बाद सूचना मिलने पर बेंता पुलिस ने बुधवार को शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

वहीं, गंभीर रूप से घायल सोनू को डीएमसीएच से रेफर किए जाने के बाद पटना में इलाज के लिए ले जाया गया है। हादसे में परिवार के कमाऊ सदस्य अमित की मौत से स्वजन शोक में हैं। बुजुर्ग माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

यह भी पढ़ें- रोहतास में सड़क हादसा: आरा-मोहनिया फोरलेन पर बुलेट की टक्कर से पिता की मौत, बेटा घायल