दरभंगा में आमने-सामने बाइक की टक्कर में युवक की मौत, पीछे बैठा युवक घायल
दरभंगा के बहेड़ी में मंगलवार रात दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में 20 वर्षीय शिवम दास की मौके पर ही ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
बहेड़ी में दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर।
शिवम दास (20) की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत।
नंदन दास गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती।
संवाद सहयोगी, दरभंगा। बहेड़ी में मंगलवार की रात घर लौट रहे युवक के लिए सड़क का सफर आखिरी साबित हुआ। बखमंडल और समदपुरा के बीच दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
उसकी बाइक पर पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद दूसरी बाइक पर सवार युवक के बारे में देर रात तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।
टक्कर इतनी जोरदार कि मौके पर मौत
घटना मंगलवार रात करीब 9:30 बजे की बताई गई है। मृतक की पहचान बहेड़ी थाना क्षेत्र के समदपुरा गांव निवासी स्वर्गीय अकलू दास के पुत्र शिवम दास (20) के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार शिवम बाइक से बखमंडल की ओर से अपने घर लौट रहा था। उसके साथ गांव का ही नंदन दास (30) पीछे बैठा था। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक से उनकी बाइक की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शिवम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पीछे बैठा युवक गंभीर घायल
हादसे में नंदन दास गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके एक हाथ में चोट आई है और हड्डी टूटने की बात बताई गई है। उसे इलाज के लिए बहेड़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।
वाहन चालक का काम करता था शिवम
परिजनों ने बताया कि शिवम गांव के मुखिया के पानी प्लांट में वाहन चालक के रूप में काम करता था। वह अविवाहित था और दो भाइयों में छोटा था। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
दूसरे बाइक सवार की तलाश
सूचना मिलने पर बहेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस दुर्घटना में शामिल दूसरी बाइक के सवार की पहचान और हादसे के कारणों की जांच कर रही है। खबर लिखे जाने तक दूसरे बाइक सवार के घायल होने अथवा उसकी पहचान के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी थी।
