दरभंगा में एनएच-27 पर बुलेट की ठोकर से महिला की मौत, घर में मचा कोहराम
दरभंगा के सिमरी थाना क्षेत्र में एनएच-27 पर बुलेट बाइक की टक्कर से घायल हुई 63 वर्षीय दुलारी देवी की ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
संवाद सहयोगी, सिंहवाड़ा (दरभंगा)। सिमरी थाना क्षेत्र के एनएच-27 स्थित भराठी चौक पर शनिवार की शाम बुलेट बाइक की ठोकर से घायल महिला की देर रात डीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई।
भराठी पंचायत के वार्ड संख्या 10 निवासी रामराजी पासवान की पत्नी दुलारी देवी (63) की मौत के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही स्वजन और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
स्वजन के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया।जानकारी के अनुसार, शनिवार की शाम करीब छह बजे दुलारी देवी मवेशियों के लिए चारा लेकर एनएच-27 पार कर रही थीं। इसी दौरान मुजफ्फरपुर की ओर से दरभंगा जा रही बुलेट बाइक ने उन्हें ठोकर मार दी।
हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। बाइक का पंजीकरण नंबर बीआर 06एएफ 0154 बताया गया है। घटना के बाद भराठी चौक पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही सिमरी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए डीएमसीएच भेजा।
हादसे में बाइक चालक को भी हल्की चोट आई थी। उसे भी इलाज के लिए डीएमसीएच ले जाया गया। इलाज के बाद बाइक सवार वहां से चले गए, जबकि पुलिस ने दुर्घटना में प्रयुक्त बाइक को अपने कब्जे में ले लिया।
दादी को याद कर बिलखते रहे पोते-पोतियां
दुलारी देवी के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पति रामराजी पासवान मजदूरी करने के साथ मवेशी पालन करते हैं। उसके परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं। बड़े पुत्र सुमन पासवान, दूसरे पुत्र ललित पासवान और सबसे छोटी पुत्री बबीता देवी की शादी हो चुकी है।
पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव गांव पहुंचा, स्वजन और आसपास के लोग दहाड़ मारकर रोने लगे। मृतका के पोते-पोतियां आयुषी, आयुष, अंकुश, शिवम, सोनाली और खुशबू कुमारी दादी को याद कर बिलखते रहे। वे रोते हुए कह रहे थे, ''दादी, तू कहां चल गेली? अब हम सबके मेला घुमावे के ले जइती।'' बच्चों की करुण पुकार सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
बाइक पुलिस के कब्जे में
इस संबंध में सिमरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि दुर्घटना में शामिल बाइक को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इधर, घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है।
तरुण सिंह, जटाशंकर सिंह, विमलेश सिंह, अखिलेश सिंह, विकास सिंह, मिलन पासवान, कमलेश पासवान, विशाल पासवान और सुजीत पासवान सहित अन्य लोग शोक संतप्त परिवार को ढाढ़स बंधाने में जुटे रहे।
यह भी पढ़ें- मोतिहारी-मुजफ्फरपुर हाईवे पर हादसा, खड़े ट्रक में बाइक टकराई, देवर-भाभी की मौत, दो घायल
