दरभंगा के मब्बी में ट्रैक्टर की ठोकर से 26 वर्षीय युवक की मौत, परिवार का इकलौता सहारा छिना
दरभंगा के मब्बी थाना क्षेत्र में रविवार को एक ट्रैक्टर दुर्घटना में 26 वर्षीय पंकज यादव की मौत हो गई। ...और पढ़ें

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।
HighLights
मब्बी थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर दुर्घटना में युवक की मौत।
मृतक पंकज यादव (26) परिवार का एकमात्र सहारा था।
पिता के हाथ गंवाने के बाद परिवार की जिम्मेदारी थी।
जागरण संवाददाता, दरभंगा। Darbhanga Tractor Accident: जिले के मब्बी थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर हुए सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की जान चली गई। शिशो चौक पर ट्रैक्टर की ठोकर से केतुका गांव निवासी पंकज यादव की मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्वजन में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।
मृतक की पहचान केतुका गांव निवासी विनय यादव के पुत्र पंकज यादव (26) के रूप में हुई है। उसकी शादी महज एक साल पहले हुई थी। परिवार की खुशियां अभी ठीक से शुरू भी नहीं हुई थीं कि इस हादसे ने सबकुछ छीन लिया।
पंकज की शादी से कुछ दिन पहले ही गेहूं की थ्रेसिंग के दौरान उसके पिता विनय यादव के दोनों हाथ कटकर अलग हो गए थे। इसके बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी पंकज के कंधों पर आ गई थी। वह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था।
हादसे ने परिवार को बेसहारा किया
पिता के दोनों हाथ गंवाने के बाद पंकज ही परिवार की आजीविका का एकमात्र सहारा था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
एक साल पहले जिस घर में शादी की खुशियां आई थीं, वहां अब मातम पसरा है। घटना के बाद से केतुका गांव में शोक का माहौल है। उधर, हादसे के बाद फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।