दरभंगा में शिक्षकों के तेवर से हिली डीपीओ की कुर्सी, डीडीसी से जांच कराने पर अड़े
दरभंगा में टीचर्स क्लब के बैनर तले शिक्षकों ने भूतलक्षी प्रोन्नति की मांग को लेकर एकजुटता दिखाई, जिससे शिक्षा विभाग ...और पढ़ें

शिक्षा स्थापना कार्यालय में प्रतिज्ञा लेते शिक्षक। जागरण
संवाद सहयोगी, दरभंगा। भूतलक्षी प्रोन्नति के मुद्दे पर दरभंगा में शिक्षकों की एकजुटता ने शिक्षा विभाग की हलचल बढ़ा दी। टीचर्स क्लब के बैनर तले जुटे प्रभावित स्नातक कला शिक्षकों ने न्यायोचित प्रोन्नति की मांग को लेकर संकल्प लिया।
शिक्षकों ने स्थापना डीपीओ से पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली और मामले की निष्पक्ष जांच के लिए डीडीसी स्तर से कार्रवाई कराने पर जोर दिया।
मौसम की परवाह नहीं, जुटे शिक्षक
विपरीत मौसम के बावजूद जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शिक्षक पहुंचे। शिक्षक संकल्प एवं प्रतिज्ञा-वचन कार्यक्रम में शिक्षकों ने भूतलक्षी प्रोन्नति की प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित कराने की मांग उठाई। टीचर्स क्लब के संयोजक सतीश चन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में शिक्षकों ने अपनी मांगों को लेकर विभागीय अधिकारियों के समक्ष पक्ष रखा।
डीपीओ से मांगा कार्रवाई का ब्योरा
शिक्षकों ने स्थापना डीपीओ से राघवेन्द्र शर्मा एवं अन्य बनाम बिहार राज्य मामले में अब तक की गई विभागीय कार्रवाई की जानकारी मांगी। अभिलेखों के परीक्षण और आगे की कार्ययोजना को लेकर भी सवाल किए गए।
शिक्षकों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष के विरुद्ध आरोप लगाना नहीं है। मांग उच्च न्यायालय के आदेश के अनुरूप वास्तविक रिक्तियों का अभिलेख आधारित निर्धारण और पात्र शिक्षकों को न्यायोचित भूतलक्षी प्रोन्नति दिलाना है।
वर्षवार रिक्तियों की जांच की मांग
शिक्षकों ने जिले में की गई भूतलक्षी प्रोन्नति की पूरी प्रक्रिया का स्वतंत्र एवं निष्पक्ष अभिलेखीय परीक्षण कराने का अनुरोध किया। इसमें प्रारंभिक और वर्षवार रिक्तियों का निर्धारण, स्वीकृत पद, कार्यरत शिक्षकों की संख्या, उपलब्ध रिक्तियां, वरिष्ठता, पात्रता और आरक्षण रोस्टर से जुड़े मूल सरकारी अभिलेखों की जांच की मांग शामिल है।
डीएम से सत्यापन कराने का संकल्प
शिक्षकों ने डीएम से 31 मार्च 1986 को उपलब्ध स्वीकृत पदों और उसके बाद की वास्तविक रिक्तियों का मूल सरकारी अभिलेखों के आधार पर सत्यापन कराने का आग्रह करने का संकल्प लिया।
मौके पर डा. मनोज कुमार कंठ, शकील अहमद, शिवशंकर प्रसाद, महेश यादव, संतोष झा, गौतम चौधरी, तरुण कुमार, संजय नारायण मंडल, राजेश झा और मो. कैयूम सहित अन्य शिक्षक मौजूद थे।
यह भी पढ़ें- बीपीएससी टीआरई 4 में सितंबर 2026 CTET अपेयरिंग को झटका, निदेशालय ने स्थिति साफ की
