विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा में रिंग रोड को मिलेगी रफ्तार, कुशेश्वरस्थान से एयरपोर्ट-एक्सप्रेसवे तक बनेगा स्पर लिंक

Published: Thu, 03 Sep 2026 08:59 PM (IST)

Darbhanga Ring Road : सांसद डॉ. गोपालजी ठाकुर ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से दरभंगा रिंग रोड की प्रक्रिया तेज करने ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री से मिलते सांसद डा. गोपालजी ठाकुर। सौ. निजी सचिव।

मुख्यमंत्री से मिलते सांसद डा. गोपालजी ठाकुर। सौ. निजी सचिव।

HighLights

  1. रिंग रोड से दरभंगा शहर को जाम से मिलेगी राहत।

  2. कुशेश्वरस्थान से एयरपोर्ट-एक्सप्रेसवे तक स्पर लिंक बनेगा।

  3. सांसद ने कई लंबित विकास योजनाओं को पूरा करने की मांग की।

जागरण संवाददाता, दरभंगा। दरभंगा शहर को जाम से राहत दिलाने और जिले के दूरदराज इलाकों को एयरपोर्ट व बड़े एक्सप्रेसवे से जोड़ने की दिशा में पहल तेज होने की उम्मीद है।

सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डा. गोपालजी ठाकुर ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर दरभंगा रिंग रोड की प्रक्रिया में तेजी लाने और कुशेश्वरस्थान को दरभंगा एयरपोर्ट व निर्माणाधीन पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए स्पर लिंक विकसित करने का आग्रह किया। सांसद ने क्षेत्र की विभिन्न लंबित विकास योजनाओं को भी प्राथमिकता के साथ पूरा कराने की मांग रखी।

रिंग रोड की प्रक्रिया तेज करने की मांग

सांसद ने मुख्यमंत्री से दरभंगा शहर में प्रस्तावित रिंग रोड की प्रक्रिया को गति देने का आग्रह किया। उनका कहना था कि रिंग रोड बनने से शहर पर बढ़ रहा यातायात का दबाव कम होगा।

बाहरी मार्ग से आने-जाने वाले वाहनों को शहर के अंदर प्रवेश करने की जरूरत कम होगी और जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

कुशेश्वरस्थान से एयरपोर्ट तक आसान होगी कनेक्टिविटी

कुशेश्वरस्थान को दरभंगा एयरपोर्ट और निर्माणाधीन पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए स्पर लिंक विकसित करने की दिशा में पहल करने का आग्रह किया गया।

इससे कुशेश्वरस्थान सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को एयरपोर्ट और एक्सप्रेसवे तक बेहतर सड़क संपर्क मिल सकता है। क्षेत्र के आर्थिक और व्यावसायिक गतिविधियों को भी इससे गति मिलने की उम्मीद है।

एयरपोर्ट के काम की समीक्षा का आग्रह

सांसद ने दरभंगा एयरपोर्ट के कार्यों की समीक्षा करने की मांग की, ताकि नवंबर में प्रस्तावित उद्घाटन की तैयारियों को गति मिल सके। एयरपोर्ट विस्तार, यात्री सुविधाओं और कनेक्टिविटी से जुड़े कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे कराने पर जोर दिया गया।

एलिवेटेड रोड और आरओबी पर भी जोर

शहर में लगातार बढ़ रहे यातायात दबाव और जाम से स्थायी राहत के लिए प्रस्तावित एलिवेटेड रोड परियोजना को गति देने की मांग की गई। लंबित रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण में तेजी लाने, संबंधित विभागों के बीच समन्वय और नियमित मॉनिटरिंग पर भी जोर दिया गया।

एम्स और केंद्रीय विद्यालय का मुद्दा

सांसद ने एम्स दरभंगा के निर्माण कार्य को अपेक्षित गति देने की मांग की। बेनीपुर और बिरौल में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए भूमि एवं राज्य सरकार से जुड़ी प्रक्रियाएं जल्द पूरी कराने का आग्रह किया।

चीनी मिलों को चालू कराने की मांग

रैयाम और सकरी चीनी मिल को फिर से संचालित करने की प्रक्रिया तेज करने की मांग भी रखी गई। इससे किसानों को गन्ने का सुनिश्चित बाजार, स्थानीय स्तर पर रोजगार और चीनी आधारित सहायक उद्योगों के विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।