दरभंगा में राजस्व कर्मचारियों की हड़ताल से जमीन के काम रुके, प्रमाण पत्र बनवाने में भी दिक्कत
Bihar Revenue Employees Strike: सिंहवाड़ा अंचल कार्यालय में राजस्व कर्मचारियों और अमीनों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से जमीन संबंधी सभी कार्य ...और पढ़ें

अंचल कार्यालय पहुंच रहे लोगों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
संवाद सहयोगी, सिंहवाड़ा (दरभंगा)। Singhwara Anchal Strike: जिले के सिंहवाड़ा अंचल कार्यालय में राजस्व कर्मचारियों और अमीनों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण जमीन से जुड़े कामकाज पूरी तरह ठप हो गए हैं।
इसके साथ ही मंगलवार से अंचलाधिकारी (CO) और राजस्व अधिकारी (RO) के भी कलमबंद हड़ताल पर चले जाने से आम लोगों की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं। जरूरी कार्यों के लिए रोज अंचल कार्यालय पहुंच रहे लोगों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
6 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल
अंचल के आठ राजस्व कर्मचारी और दो अमीन अपनी 10 सूत्री मांगों को लेकर पिछले 6 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डटे हुए हैं।
इनके कार्य बहिष्कार के कारण जमीन की ई-मापी, अभियान बसेरा, जमाबंदी पुनरीक्षण, दाखिल-खारिज (Mutation), परिमार्जन, नामांतरण और अतिक्रमण हटाने जैसे महत्वपूर्ण कार्य पूरी तरह बाधित हैं।
वहीं, सीओ और आरओ के पेन डाउन हड़ताल पर जाने से डिजिटल हस्ताक्षर और डोंगल से होने वाले सभी प्रशासनिक कार्य भी रुक गए हैं।
छात्रों और जरूरतमंदों को परेशानी
हड़ताल का असर केवल जमीन के मामलों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा प्रभाव आम नागरिकों के दैनिक कार्यों पर भी पड़ रहा है।
जाति प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र और आय प्रमाण पत्र के लिए अंचल कार्यालय आने वाले लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
ऐसे में छात्र-छात्राओं और विभिन्न नौकरियों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के सामने समय पर दस्तावेज प्राप्त करने का संकट खड़ा हो गया है।
कार्यालय का चक्कर लगा रहे लोग
बुधवार को अंचल कार्यालय पहुंचे स्थानीय निवासी प्रशांत कुमार यादव, सिकंदर यादव, मस्तान, उजाले और कृष कुमार उर्फ छोटू ने बताया कि वे अपने जरूरी काम से कार्यालय पहुंचे थे, लेकिन कर्मचारियों के हड़ताल पर होने के कारण उन्हें बैरंग लौटना पड़ा।
आम जनता का कहना है कि प्रशासनिक स्तर पर जल्द से जल्द इसका कोई समाधान निकाला जाना चाहिए ताकि लोगों को राहत मिल सके।
यह भी पढ़ें- पटना में फर्जी सेल डीड से भू-माफिया ने कराई जमाबंदी, राजस्वकर्मी सस्पेंड; DM ने लिया एक्शन
