विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा में 30 से अधिक शिक्षकों को बनाया बंधक, कम अंक पर भड़के पालीटेक्निक छात्र

Published: Thu, 26 Nov 2026 10:39 PM (IST)

दरभंगा के कादिराबाद स्थित राजकीय पालीटेक्निक में कम अंकों से नाराज छात्रों ने 30 से अधिक शिक्षकों को बंधक बनाकर हंगामा किया। पुलिस और प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद करीब तीन घंटे बाद शिक्षकों को मुक्त कराया गया।

दरभंगा में पॉलिटेक्निक के परिसर में छात्रो की भीड़ । सौ. स्थानीय

दरभंगा में पॉलिटेक्निक के परिसर में छात्रो की भीड़ । सौ. स्थानीय

HighLights

  1. कम अंक मिलने पर पालीटेक्निक छात्रों का हंगामा।

  2. 30 से अधिक शिक्षकों को तीन घंटे बंधक बनाया।

  3. पुलिस हस्तक्षेप के बाद शिक्षकों को मुक्त कराया गया।

जागरण संवाददाता, दरभंगा । विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के कादिराबाद स्थित राजकीय पालीटेक्निक में गुरुवार को कम अंक मिलने से आक्रोशित छात्रों ने जमकर हंगामा किया।

फर्स्ट ईयर समेत अन्य सत्रों के छात्रों ने शाम पांच बजे 30 से अधिक शिक्षकों को परिसर में बंधक बना मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। करीब तीन घंटे तक शिक्षक परिसर में फंसे रहे। देर शाम पुलिस और प्रशासन के हस्तक्षेप तथा आश्वासन के बाद छात्रों ने उन्हें मुक्त किया।

छात्रों का आरोप था कि परीक्षा में पूरा जवाब लिखने के बावजूद अपेक्षा से काफी कम अंक दिए गए। शिक्षकों ने दोपहर दो बजे तक सभी छात्रों के अंक जारी करने का आश्वासन दिया था।

निर्धारित समय पर अंक जारी हुए तो छात्र असंतुष्ट हो गए। उनका कहना था कि उत्तर पुस्तिका में पूरा जवाब लिखने के बावजूद 30 में 22 और 20 में 16 अंक दिए गए, जबकि कई छात्रों को शून्य अंक मिला है। एक महिला शिक्षिका ने बताया कि आंतरिक अंक शिक्षकों ने दिए थे। आगे की प्रक्रिया में क्या हुआ, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।

पढ़ाई नहीं होने और शिक्षकों की अनुपस्थिति का भी आरोप

छात्रों ने आंतरिक मूल्यांकन के साथ पढ़ाई की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप था कि विद्यार्थियों के ग्रुप में पढ़ाई से संबंधित संदेश और असाइनमेंट नहीं भेजे जाते।

नियमित कक्षाएं भी नहीं होती हैं। एक छात्र ने कहा कि कालेज सुबह साढ़े नौ बजे खुलता है, लेकिन शिक्षक साढ़े दस से 11 बजे के बीच पहुंचते हैं और दोपहर साढ़े 12 बजे तक चले जाते हैं। वे केवल उपस्थिति दर्ज कराने आते हैं। छात्रों ने कालेज के सीसी कैमरों की जांच कराने की मांग की।

  • कादिराबाद स्थित राजकीय पालीटेक्निक के मुख्य गेट पर जड़ा ताला, तीन घंटे बाद मुक्त हुए शिक्षक
  • 20 में 16 व 30 में 22 अंक मिलने पर छात्र बोले- पूरे सवाल का दिया था जवाब
  • देर शाम पुलिस प्रशासन के हस्तक्षेप और आश्वासन मिलने के बाद छात्र हुए शांत

फिलहाल मुख्यालय से बाहर हैं। मोबाइल पर कालेज की स्थिति की जानकारी मिली है। प्रशासन से भी बातचीत हुई है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

-

- डा. अभय शर्मा, प्राचार्य, राजकीय पालीटेक्निक।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।