ऊपर पुआल और सफाई का सामान, नीचे शराब का खजाना, दरभंगा में तस्करों की चालाकी फेल
दरभंगा में पुलिस ने एक ट्रक के गुप्त तहखाने से 1171 लीटर से अधिक विदेशी शराब जब्त की है। यह ...और पढ़ें

दरभंगा में शराब तस्करों पर हुई कार्रवाई।
HighLights
दरभंगा में ट्रक से 1171 लीटर विदेशी शराब जब्त।
गुप्त तहखाने में छिपाकर लाई गई थी हरियाणा की शराब।
पुलिस और मद्य निषेध विभाग की संयुक्त कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, दरभंगा। बिहार के दरभंगा जिले में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पुलिस और मद्य निषेध विभाग लगातार मुस्तैद है।
इसी कड़ी में दरभंगा जिले के बहादुरपुर थाने की पुलिस ने मद्य निषेध विभाग, पटना से मिली गुप्त सूचना के आधार पर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
पुलिस ने एक ट्रक के अंदर विशेष रूप से बनाए गए गुप्त तहखाने से 1171.44 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। यह शराब हरियाणा में निर्मित है, जिसे तस्करी के जरिए बिहार लाया गया था।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह मद्य निषेध विभाग को इनपुट मिला था कि एक ट्रक के जरिए शराब की एक बड़ी खेप लाई जा रही है।
इस सूचना पर बहादुरपुर थाना पुलिस और मद्य निषेध विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से जाल बिछाया। थाना क्षेत्र के बीएमपी-13 स्थित आमस के नवनिर्मित पुल के नीचे जब ट्रक से शराब उतारी जा रही थी, तभी पुलिस की टीम ने चारों तरफ से घेराबंदी कर दी।
पुलिस को देखते ही ट्रक चालक और शराब कारोबारी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। जब पुलिस ने ट्रक की सघन तलाशी ली, तो ऊपर से उसमें सेनेटरी (सफाई) का सामान और पुआल (पाली) भरा हुआ था ताकि किसी को शक न हो।
लेकिन गहराई से जांच करने पर ट्रक के भीतर एक बेहद शातिराना तरीके से बनाया गया गुप्त तहखाना मिला, जिसके अंदर हरियाणा मार्क की विदेशी शराब भारी मात्रा में छिपाकर रखी गई थी। बहादुरपुर के थानाध्यक्ष प्रसुंजय कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शराब और ट्रक को जब्त कर लिया गया है।
