दरभंगा मुंबई हवाई मार्ग पर डेढ़ महीने बाद स्पाइसजेट की सेवा बहाल, दीपावली छठ से पहले राहत
Darbhanga Mumbai Spicejet Flight: दरभंगा-मुंबई हवाई मार्ग पर स्पाइसजेट की सीधी उड़ान सेवा डेढ़ महीने बाद बहाल हो गई है। ...और पढ़ें

कई यात्रियों ने महीनों पहले ही टिकट बुकिंग करा ली थी और सेवा बहाल होने का इंतजार कर रहे थे।
HighLights
दरभंगा-मुंबई स्पाइसजेट उड़ान सेवा डेढ़ महीने बाद बहाल।
परिचालन कारणों से 45 दिनों से थी बाधित।
दीपावली-छठ से पहले यात्रियों को मिली बड़ी राहत।
संवाद सहयोगी, जागरण (दरभंगा)। Darbhanga Mumbai Spicejet Flight: दरभंगा-मुंबई हवाई मार्ग पर स्पाइसजेट की सीधी उड़ान सेवा डेढ़ महीने बाद फिर से बहाल कर दी गई है।
परिचालन (ऑपरेशनल) कारणों से पिछले 45 दिनों से यह सेवा बाधित चल रही थी, जिससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
यात्रियों का असमंजस हुआ खत्म
उड़ान बाधित रहने के कारण यात्रियों को कनेक्टिंग फ्लाइट या दूसरे एयरपोर्ट से सफर करना पड़ रहा था। कई यात्रियों ने महीनों पहले ही टिकट बुकिंग करा ली थी और सेवा बहाल होने का इंतजार कर रहे थे। दीपावली और छठ महापर्व से ठीक पहले सेवा शुरू होने से यात्रियों को बड़ी राहत मिली है।
अकासा की मुंबई फ्लाइट रही रद
रविवार को मुंबई से दरभंगा आने वाली अकासा एयर की फ्लाइट (QP 1139) निर्धारित शेड्यूल के तहत रद्द रही। हालांकि, कंपनी की ओर से यात्रियों को इसकी सूचना पहले ही दे दी गई थी। रविवार को दरभंगा एयरपोर्ट से दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद और बेंगलुरु के लिए कुल 14 विमानों का आवागमन हुआ।
समय से पहले पहुंचे कई विमान
रविवार को स्पाइसजेट की मुंबई-दरभंगा फ्लाइट (SG 113) निर्धारित समय दोपहर 12:40 बजे से 1 घंटा 13 मिनट पहले ही पहुंच गई।
वहीं, अकासा एयर की दिल्ली और बेंगलुरु फ्लाइट्स भी समय से पहले पहुंचीं। दिल्ली से इंडिगो की एक फ्लाइट 6 मिनट की देरी से लैंड हुई।
यह भी पढ़ें- दरभंगा एयरपोर्ट से दिल्ली और मुंबई के लिए स्पाइसजेट ने बंद की टिकटों की बुकिंग
