दरभंगा में मां की गोद से कुरकुरे का झांसा देकर ले गया, दो साल की मासूम से दरिंदगी
दरभंगा के केवटी थाना क्षेत्र में दो साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोप लगा है। आरोपित को हिरासत में ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
केवटी में दो साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोप।
आरोपित 48 वर्षीय व्यक्ति हिरासत में, पूछताछ जारी।
बच्ची की हालत गंभीर, डीएमसीएच रेफर किया गया।
संवाद सहयोगी, केवटी (दरभंगा)। केवटी थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। शनिवार की देर शाम एक 48 वर्षीय व्यक्ति पर दो साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। घटना के बाद बच्ची की हालत गंभीर हो गई। उसे प्राथमिक उपचार के बाद डीएमसीएच रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
कुरकुरे खिलाने का दिया झांसा
स्वजन के अनुसार, आरोपित बच्ची को कुरकुरे खिलाने और मेला दिखाने का झांसा देकर उसकी मां की गोद से ले गया था। काफी देर तक बच्ची के वापस नहीं लौटने पर स्वजन को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई।
आम के बगीचे में ले जाने का आरोप
खोजबीन के दौरान पता चला कि आरोपित बच्ची को गांव के पास स्थित एक आम के बगीचे में ले गया था, जहां उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद बच्ची की हालत बिगड़ने पर आरोपित उसे पड़ोसी गांव के एक ग्रामीण चिकित्सक के पास ले गया। बाद में वह उसे किसी रिश्तेदार के घर छिपाने ले जाने की कोशिश कर रहा था।
ग्रामीणों ने आरोपित को पकड़ा
इसी दौरान ग्रामीणों और स्वजन ने आरोपित को बच्ची के साथ पकड़ लिया और एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद केवटी थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, केवटी-रनवे पहुंचाया।
गंभीर हालत में डीएमसीएच रेफर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बच्ची की नाजुक हालत को देखते हुए उसे सरकारी एंबुलेंस से देर रात डीएमसीएच रेफर कर दिया। रेफर किए जाने के समय बच्ची अर्धबेहोशी की हालत में अपनी मां की गोद में थी।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की जांच के लिए एफएसएल की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक साक्षी कुमारी और एसडीपीओ सदर-टू, कमतौल शुभेन्द्र कुमार सुमन ने भी गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और बच्ची के स्वजन से जानकारी ली।
आरोपित हिरासत में, पूछताछ जारी
थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि आरोपित विष्णुदेव सदाय को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। आरोपित मूल रूप से धोबीगामा का निवासी बताया गया है और पीड़िता के गांव में रहकर मजदूरी करता था।
