दरभंगा में भूमि विवाद में चचेरे भाई की निर्मम हत्या, शव जलाया; एक आरोपी गिरफ्तार
दरभंगा जिले के बहेड़ी के शिवराम गांव में भूमि विवाद को लेकर चचेरे भाई बबलू लाल देव की हत्या कर ...और पढ़ें

शव जलाए गए जगह को देखने के लिए जुटी स्थानीय लोगो की भीड़। जागरण
संवाद सहयोगी, बहेड़ी (दरभंगा) । दरभंगा जिले के बहेड़ी के शिवराम गांव में बुधवार की रात भूमि विवाद में चचेरे भाई की हत्या कर शव को बगीचा में ले जाकर जला देने की घटना सामने आई है।
सूचना पर पुलिस ने एफएसएल टीम के साथ बगीचा से कई साक्ष्य को सुरक्षित किया है। यहां तक कि जलाए गए शव के राश और उससे बरामद कुछ हड्डियों को जांच के लिए अपने साथ लेकर चली गई।
वहीं वारदात में शामिल अशोक लाल देव को गिरफ्तार कर लिया है। घटना की जानकारी अशोक पेपर मिल थाना क्षेत्र के मनोरथा गांव निवासी राजेश लाल देव ने पुलिस को दी। बताया कि उनके साले घूरन लाल देव के पुत्र बबलू लाल देव (32) की हत्या कर दी गई है।
बताया कि वारदात को उनके साले के चचेरा भाई अशोक लाल देव और श्याम लाल देव कुछ सहयोगियों के साथ मिलकर अंजाम दी है। साथ ही शव को बगीचा में ले जाकर जला देने की बात कही। इसके बाद पुलिस हरकत में आई।
बगीचा में पहुंचने पर मामला सत्य पाया गया। इसके बाद आरोपित अशोक लाल देव को गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जाता है कि मृतक के पिता से दोनों आरोपित भाई ने 15 धूर जमीन रजिस्ट्री करा ली थी। इसे लेकर बबलू विरोध कर रहा था।
अपने चचेरे भाइयों पर ठग का आरोप लगाते हुए जमीन कब्जा नहीं होने दे रहा था। इसी को लेकर वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई है। मामले को लेकर मृतक के जीजा ने प्राथमिकी दर्ज कराई है।
थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता ने बताया कि दूसरे आरोपित की खोज में छापेमारी की जा रही है। बता दें कि मृतक के दो पुत्र हैं। इसमें एक आठ और दूसरा छह वर्ष का है।
