दरभंगा-जयपुर अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू, CM सम्राट चौधरी ने कहा- मखाना और घेवर का होगा मिलन
दरभंगा और जयपुर के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन शुरू हो गया है, जिसे सीएम सम्राट चौधरी और सांसद ...और पढ़ें

ट्रेन को VC के जरिए हरी झंडी दिखाते मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और सांसद गोपालजी। जागरण
HighLights
दरभंगा-जयपुर अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन हुआ शुरू।
सीएम सम्राट चौधरी और सांसद गोपाल जी ठाकुर ने दिखाई हरी झंडी।
मिथिला और राजस्थान के बीच मजबूत होंगे सांस्कृतिक-आर्थिक संबंध।
जागरण संवाददाता, दरभंगा। मिथिला और राजस्थान के बीच सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने के लिए खातीपुरा (जयपुर)-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन शुरू किया गया।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और दरभंगा सांसद गोपाल जी ठाकुर ने रविवार को पटना के लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह रेल सेवा केवल एक ट्रेन नहीं, बल्कि मिथिला की धरती दरभंगा और राजस्थान के जयपुर के बीच महत्वपूर्ण सेतु है। इससे मिथिला के मखाना और राजस्थान के घेवर का मिलन होगा।
नई ट्रेन दोनों राज्यों के बीच संपर्क को आसान बनाकर व्यापार, पर्यटन, रोजगार और सांस्कृतिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करेगी। ट्रेन सेवा उपलब्ध कराने के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार प्रकट किया।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारतीय रेलवे ने अभूतपूर्व परिवर्तन देखा है। बिहार भी इसका प्रमुख लाभार्थी बना है। राज्य के 38 में से 36 जिले रेल कनेक्टिविटी से जुड़े हैं, शेष दो जिलों में भी तेजी से काम चल रहा है।
प्रत्येक वर्ष केंद्र सरकार रेल बजट में लगभग 10 हजार करोड़ रुपये बिहार को देती है। आज लगभग एक लाख करोड़ से अधिक की योजना चल रही है। दिल्ली और पटना के बीच बुलेट ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है।
यह बिहारवासियों के लिए बड़ी बात होगी। वर्ष 2016 से मढ़ौरा में अब तक 835 से अधिक रेलवे इंजन निर्मित हुए हैं, जो देश या देश के बाहर भेजा गया है। रेलवे के सहयोग से बिहार को आर्थिक प्रगति में सहायता मिल रही है। उन्होंने कहा कि रेल मंत्री से आग्रह है कि दो महीने में बिहार आते रहें ताकि रेलवे के आधूरे कार्य तेजी से पूर्ण हो सके।
नई ट्रेन से वर्षों पुरानी मांग पूरी : सांसद
सांसद डॉ. गोपालजी ठाकुर ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि यह नई ट्रेन मिथिलावासियों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करेगी। यह ट्रेन दरभंगा से कमतौल, सीतामढ़ी, नरकटियागंज, गोरखपुर, लखनऊ और आगरा के रास्ते जयपुर तक चलेगी, जो न केवल यात्रियों के लिए वरदान साबित होगी, बल्कि बिहार, यूपी और राजस्थान के बीच सांस्कृतिक, धार्मिक और व्यापारिक संबंधों को भी एक नया आयाम देगी।
इससे छात्रों, व्यापारियों और पर्यटकों को सीधे कनेक्टिविटी मिलेगी। सांसद ने आंकड़ों के जरिए बताया कि मोदी सरकार में बिहार और मिथिला क्षेत्र में रेलवे कनेक्टिविटी को अभूतपूर्व मजबूती मिली है।
वर्ष 2014 तक बिहार को रेल विकास के लिए सालाना मात्र 1,132 करोड़ मिलते थे, जिसे वर्ष 2026 के रेलवे बजट में बढ़ाकर 10,379 करोड़ कर दिया गया है। बिहार में अब तक 14 वंदे भारत, 13 अमृत भारत और एक नमो भारत ट्रेनों का परिचालन शुरू हो चुका है।
उधर, जयपुर के खातीपुरा में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और जयपुर सांसद मंजू शर्मा उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में बहू के बाद अब सास की हत्या, बदमाशों में घर में घुसकर मारी गोली
यह भी पढ़ें- पूर्णिया के दंपती का कमाल: पहले पत्नी, अब पति ने पास की BPSC परीक्षा; दादा को दिया सफलता का श्रेय
