दरभंगा में पक्का मकान होते हुए भी लिया आवास योजना का लाभ, अब लौटानी पड़ेगी पूरी राशि
दरभंगा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान होने के बावजूद गलत तरीके से लाभ लेने का मामला सामने ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
दरभंगा में पक्का मकान होते हुए भी आवास योजना का लाभ लिया।
प्रशासन ने लाभार्थियों से ली गई पूरी राशि वापस करने का आदेश दिया।
बीडीओ ने नोटिस जारी कर चार लाभार्थियों से वसूली शुरू की।
संवाद सहयोगी, बहेड़ी (दरभंगा) । दरभंगा में सरकारी आवास योजना का गलत फायदा उठाने का मामला सामने आया है। पक्का मकान होने के बावजूद एक लाभार्थी ने आवास योजना की राशि ले ली, लेकिन जांच के बाद उसकी पोल खुल गई।
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अब उससे ली गई पूरी राशि वापस करने का निर्देश दिया है। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है और विभाग भी ऐसे मामलों की जांच में जुट गया है।
धनौली गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के गलत ढंग से लाभ लेने वाले लाभुकों से अब वसूली की जाएगी। बीडीओ ने सभी को वसूली के लिए नोटिस जारी किया है। इससे लाभुकों में हड़कंप मच गया है।
जिन्हें नोटिस प्राप्त हुआ है उसमें अरुण यादव की पत्नी रेखा देवी, तेजनारायण यादव की पत्नी दुखनी देवी, गणेश यादव की पत्नी बुच्ची देवी और स्व. बलदेव यादव के पुत्र सुरेश यादव शामिल हैंं। इन लोगों ने पक्का का मकान रहते हुए भी योजना का लाभ लिया है।
क्रमशः एक लाख 20 हजार रुपये,. 80 हजार, 60 हजार 655 रुपये और 40 हजार रुपये का भुगतान प्राप्त किया है। जिसके खिलाफ गांव के रमण कुमार ने जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी के कार्यालय में परिवाद दायर किया था।
जिसमें भुगतान की गई राशि को जमा करने का निर्देश दिया गया। इस आलोक में प्रभारी प्रखंड विकास पदाधिकारी उपेंद्र राम ने तीन दिनों के अंदर राशि जमा करने के लिए नोटिस जारी किया है।
आदेश का अवहेलना करने पर नीलाम वाद दायर करने की चेतावनी दी है। बता दें कि इस मामले में पंचायत के आवास सहायक मणिभूषण कुमार को उप विकास आयुक्त बर्खास्त कर चुके हैं।
