दिल्ली-मुंबई से दरभंगा आने वाली ट्रेनें फुल, फ्लाइट भी महंगी, यात्रियों के सामने अब एक ही विकल्प
दुर्गा पूजा, दीपावली, छठ पर दिल्ली, मुंबई जैसे महानगरों से दरभंगा-मधुबनी लौटने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
त्योहारों पर दरभंगा-मधुबनी वापसी के लिए ट्रेनें पूरी तरह फुल।
दिल्ली, मुंबई, कोलकाता से आने वाली ट्रेनों में नो-रूम स्थिति।
यात्री तत्काल कोटा और अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों पर निर्भर।
जागरण संवाददाता, दरभंगा। आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ पर देश के विभिन्न हिस्सों से दरभंगा, मधुबनी लौटने वाले परदेसियों के लिए सफर की राह बेहद कठिन हो गई है।
दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, अहमदाबाद और बेंगलुरु जैसे बड़े महानगरों से दरभंगा आने वाली सभी प्रमुख नियमित ट्रेनों में सीट बुकिंग पूरी तरह फुल हो चुकी है।
कई ट्रेनों के स्लीपर व एसी डिब्बों में वेटिंग लिस्ट सैकड़ों पार कर चुकी है, वहीं कुछ में बुकिंग बंद का बोर्ड लग चुका है। दिल्ली-दरभंगा रूट पर चलने वाली बिहार संपर्क क्रांति, स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस और जैसी लोकप्रिय ट्रेनों में नो-रूम जैसी स्थिति है।
इसी तरह मुंबई व कोलकाता रूट पर चलने वाली पवन एक्सप्रेस और हावड़ा-दरभंगा एक्सप्रेस में भी कंफर्म टिकट मिलना लगभग असंभव हो गया है।
ट्रेनों में जगह न मिलने के कारण विकल्प ढूंढ रहे लोगों को दरभंगा एयरपोर्ट के लिए फ्लाइट किरायों में दो से तीन गुना बढ़ोतरी का सामना करना पड़ रहा है।
यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कुछ पूजा स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है। लेकिन परदेसियों की संख्या के आगे ये नाकाफी साबित हो रही हैं।
अब यात्रियों की आखिरी उम्मीद केवल यात्रा से एक दिन पहले खुलने वाले 'तत्काल कोटा' और रेलवे द्वारा आगे घोषित की जाने वाली अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों पर टिकी है।
स्थानीय निवासियों और यात्रियों ने रेल प्रशासन से दरभंगा रूट पर अविलंब दर्जनभर और पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाने की मांग की है ताकि लोग त्योहारों पर अपने घर सही समय पर पहुंच सकें।
परंपरागत एक्सप्रेस ट्रेनों में सीटें फुल, स्पेशल ट्रेनों में मिल रही टिकट
दिल्ली-दरभंगा रूट पर गाड़ी संख्या 02570 (एनडीएलएस डीबीजी एसएफ स्पेशल) और गाड़ी संख्या 04014 (एलकेक्यू फेस्टिवल स्पेशल) में सितंबर-अक्टूबर माह में सीटें आसानी से उपलब्ध हो रही हैं।
इसके विपरीत, गाड़ी संख्या 12562 (स्वतंत्रता सेनानी) और 12566 (बिहार संपर्क क्रांति) जैसी नियमित ट्रेनों में नवंबर तक सीटें उपलब्ध नहीं हैं। वहीं मुंबई से चलने वाली गाड़ी संख्या 11061 (एलटीटी जयनगर) में नवंबर तक सीटें फुल हैं।
अमृतसर से चलने वाली गाड़ी संख्या 14650 (सरयू-यमुना एक्सप्रेस) में चार नवंबर तक 104 वेटिंग चल रही है। कोलकाता रूट पर चलने वाली गाड़ी संख्या 13185 (गंगासागर एक्सप्रेस) में तीन अक्टूबर तक 27 वेटिंग है, जबकि गाड़ी संख्या 13043 (हावड़ा रक्सौल एक्सप्रेस) में छह अक्टूबर तक वेटिंग 150 के पार पहुंच गई है।
