विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा में घर के दरवाजे पर सोए बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या, शव के पास कारतूस मिला

Published: Sat, 17 Oct 2026 12:08 PM (IST)

Darbhanga Crime News: दरभंगा के रुपौली गांव में शुक्रवार देर रात घर के बरामदे में सो रहे 65 वर्षीय सुरेंद्र ...और पढ़ें

News Article Hero Image

संवाद सहयोगी, हनुमाननगर (दरभंगा)। Darbhanga Elderly Man Murder: दरभंगा के विशनपुर थाना क्षेत्र के रुपौली गांव में शुक्रवार देर रात घर के दरवाजे पर सोए 65 वर्षीय बुजुर्ग की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई।

शनिवार सुबह उनका शव घर के बरामदे में चौकी पर मिला। मृतक की पहचान वार्ड संख्या छह निवासी स्व. जगदीश ठाकुर के पुत्र सुरेंद्र ठाकुर के रूप में हुई है।

शव के पास मिला कारतूस

सुरेंद्र ठाकुर फर्नीचर बनाने और बेचने का काम करते थे। घटनास्थल पर शव के पास एक जिंदा कारतूस भी मिला है। हत्या की सूचना मिलने पर सिटी एसपी अशोक कुमार चौधरी, थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सहित पुलिस की अन्य टीम मौके पर पहुंची।

विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (डीएमसीएच) भेज दिया। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस अज्ञात हमलावर की तलाश में जुटी है।

खाना खाने के बाद सोए थे

मृतक की पुत्री राखी कुमारी ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद वह अपनी चाची के साथ घर के भीतर सोने चली गई थीं। उनके पिता घर के दरवाजे के बरामदे में चौकी पर मच्छरदानी लगाकर सोए थे। शनिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे वह पिता को जगाने पहुंचीं तो उनके सिर से खून निकल रहा था।

इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों और पुलिस को घटना की जानकारी दी। राखी के अनुसार, घर का परिसर खुला हुआ है और परिवार के अन्य सदस्य घर के भीतर सो रहे थे। उन्हें नहीं पता कि उनके पिता की हत्या किसने और क्यों की।

परिवार में अकेले रहते थे

मृतक की पत्नी की कई वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है। उनका इकलौता पुत्र परदेश में मजदूरी करता है। बुजुर्ग गांव में अपनी इकलौती पुत्री के साथ रहते थे। पुलिस हत्या से जुड़े सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और हमलावर का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

यह भी पढ़ें- भोजपुर में दुर्गा पूजा का मेला घूमने आए छात्र की गोली मारकर हत्या, बाइक से आए थे तीन बदमाश