भोजपुर में दुर्गा पूजा का मेला घूमने आए छात्र की गोली मारकर हत्या, बाइक से आए थे तीन बदमाश
भोजपुर के पवना बाजार में दुर्गा पूजा मेला देखने आए एक छात्र शांतनु कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी ...और पढ़ें

घटना के बाद अस्पताल पहुंची पुलिस। जागरण
HighLights
भोजपुर के पवना बाजार में छात्र शांतनु कुमार की हत्या।
दुर्गा पूजा मेला घूमने आया था, पीठ में लगी गोली।
एक बाइक पर तीन हमलावर, पुलिस जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के पवना थाना क्षेत्र के पवना बाजार पर शुक्रवार की रात दुर्गा पूजा का मेला घूमने आए एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद एक बाइक पर सवार तीन हमलावर फरार हो गए। गोली युवक की पीठ में लगी थी। गंभीर हालत में उसे सदर अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान अजीमाबाद थाना क्षेत्र के बड़गांव गांव निवासी कुंदन सिंह के 18 वर्षीय पुत्र शांतनु कुमार के रूप में हुई है।
मैट्रिक का छात्र था शांतनु
वह मैट्रिक का छात्र था। पुलिस घटनास्थल पर पहुंच घटना की जांच कर रही है। दोस्तों और परिवार से पूछताछ कर कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इस दौरान डीएसपी सुशील कुमार ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर जांच की। बताया जाता है कि शांतनु अपनी मौसी माला देवी के घर पवना गांव में दुर्गा पूजा का मेला घूमने आया था।
शुक्रवार की रात वह अपने मौसेरे भाई साहिल कुमार समेत चार लोगों के साथ पवना बाजार की ओर गया था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार होकर आए तीन हथियारबंद बदमाशों ने उसे गोली मार दी।

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
गोली लगते ही वह गंभीर रूप से जख्मी होकर गिर पड़ा। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया जाने लगा, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। युवक की हत्या किस कारण से की गई और हमलावर कौन थे, इसका पता नहीं चल सका है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है।उसके परिवार में मां गुंजा देवी और छोटा भाई कुणाल है। बेटे की मौत से स्वजन में कोहराम मच गया।
