विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा के DMCH में डॉक्टर का बेल्ट से सिर फोड़ा, इमरजेंसी ठप, मची अफरा-तफरी

By Mrityunjay BhardwajEdited By: Dharmendra Singh
Published: Thu, 10 Sep 2026 02:10 PM (IST)

डीएमसीएच दरभंगा में मरीज के एक स्वजन ने पहले नर्स से विवाद किया और फिर जूनियर डॉक्टर आशुतोष कुमार के ...और पढ़ें

डीएमसीएच में विवाद के बाद घटना स्थल पर मौजूद कर्मचारी।

डीएमसीएच में विवाद के बाद घटना स्थल पर मौजूद कर्मचारी।

HighLights

  1. मरीज के स्वजन ने जूनियर डॉक्टर के सिर पर बेल्ट से हमला किया।

  2. हमले में डॉक्टर का सिर फटा, अस्पताल में तनावपूर्ण माहौल बना।

  3. आक्रोशित डॉक्टरों ने काम रोका, इमरजेंसी सेवाएं प्रभावित हुईं।

जागरण संवाददाता, दरभंगा। डीएमसीएच में इलाज कराने आए मरीज के स्वजन ने पहले नर्स से विवाद किया और फिर राउंड से लौट रहे जूनियर डॉक्टर के सिर पर पीछे से बेल्ट दे मारी। हमले में डॉक्टर का सिर फट गया और खून बहने लगा। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।

आक्रोशित पीजी डॉक्टरों ने काम ठप कर इमरजेंसी का रजिस्ट्रेशन काउंटर तक बंद करा दिया। करीब आधे घंटे तक उपचार व्यवस्था प्रभावित रही। इससे दहशत में आए कई मरीज और उनके स्वजन अस्पताल से लौट गए। बाद में प्राचार्य, अधीक्षक समेत वरीय चिकित्सकों के हस्तक्षेप और कार्रवाई के आश्वासन के बाद डॉक्टरों ने काम शुरू किया।

पहले नर्स से हुआ विवाद

गुरुवार सुबह मेडिसिन विभाग में चिकित्सक राउंड कर रहे थे। इसी दौरान मेडिसिन फर्स्ट की डा. केके झा यूनिट में भर्ती बहेड़ी थाना क्षेत्र के चक्का जोरजा निवासी 66 वर्षीय पलटू लाल देव के स्वजन नर्स पर पहले इंजेक्शन लगाने का दबाव बनाने लगे। नर्स ने सभी मरीजों को क्रम के अनुसार दवा-इंजेक्शन देने की बात कही। इस पर स्वजन नर्स से उलझ गया और अपशब्द कहने लगा। नर्स ने इसकी शिकायत चिकित्सकों से की। डॉक्टरों ने स्वजन को समझाकर शांत करा दिया।

राउंड के दौरान भी करता रहा हंगामा

कुछ देर बाद स्वजन फिर नर्स से विवाद करने लगा। इसी दौरान मेडिसिन विभाग के डा. आरके झा यूनिट के पीजी डॉक्टर आशुतोष कुमार वहां पहुंचे। उन्होंने नर्स से उलझ रहे स्वजन को तेज आवाज में चेतावनी देकर शांत कराया। इसके बाद चिकित्सक राउंड पूरा कर वापस लौटने लगे।

पीछे से बेल्ट से किया हमला

बताया जाता है कि कॉरिडोर में पीछे से आरोपी स्वजन ने पीजी डॉक्टर आशुतोष कुमार के सिर पर बेल्ट से वार कर दिया। हमले में डॉक्टर का सिर फट गया और खून बहने लगा। अचानक हुए हमले से आसपास मौजूद चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी स्तब्ध रह गए। इसी बीच आरोपी मौके से फरार हो गया।

जूनियर डॉक्टरों ने ठप किया काम

घटना की जानकारी फैलते ही जूनियर डॉक्टरों में आक्रोश फैल गया। मेडिसिन समेत कई विभागों के पीजी डॉक्टरों ने काम रोक दिया। इमरजेंसी के रजिस्ट्रेशन काउंटर को भी बंद करा दिया गया। इससे अस्पताल में मरीजों की भीड़ के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

वरीय अधिकारियों ने संभाला मोर्चा

सूचना पर प्राचार्य डा. यूसी झा, अधीक्षक डा. जगदीश चंद्र, उपाधीक्षक डा. अमित कुमार समेत अन्य वरीय चिकित्सक पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित डॉक्टरों को समझाया और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद पीजी डॉक्टरों ने उपचार शुरू कर दिया। हालांकि घटना के बाद अस्पताल का माहौल तनावपूर्ण बना रहा।