बेनीपुर में तालाब में डूबने से ममेरे-फुफेरे भाइयों की मौत, स्नान करने के दौरान हुआ हादसा
Darbhanga Pond Accident News: दरभंगा के बेनीपुर में मायापुर तालाब में नहाने गए दो ममेरे-फुफेरे भाइयों की डूबने से मौत ...और पढ़ें

एक ही परिवार के दो किशोरों की मौत से पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया।
संवाद सहयोगी, बेनीपुर (दरभंगा)। Darbhanga Benipur Pond Drowning: बेनीपुर के बहेड़ा थाना क्षेत्र के बदबन्ना गांव स्थित मायापुर तालाब में रविवार की शाम स्नान करने के दौरान डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान बदबन्ना निवासी मोहम्मद मुमताज के पुत्र मोहम्मद कमरुद्दीन (14) और मोहम्मद सुहैल के पुत्र मोहम्मद सैफ (13) के रूप में हुई है। दोनों आपस में ममेरे-फुफेरे भाई थे।
गहरे पानी में डूबे किशोर
बताया जाता है कि दोनों किशोर रविवार की शाम मायापुर तालाब में स्नान करने गए थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। काफी देर तक दोनों के घर नहीं लौटने पर स्वजन ने उनकी खोजबीन शुरू की।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोग तालाब पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद दोनों किशोरों के शवों को बाहर निकाला। शव बाहर निकलते ही स्वजन में चीख-पुकार मच गई। एक ही परिवार के दो किशोरों की मौत से पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया।
गांव में पसरा मातम
हृदय विदारक घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, दोनों किशोर अक्सर मायापुर जाया करते थे। सैफ के पिता मायापुर चौक पर जनरल स्टोर की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि कमरुद्दीन के पिता मजदूरी कर परिवार चलाते हैं।
बदबन्ना और मायापुर के बीच करीब एक किलोमीटर की दूरी है। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने बहेड़ा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों से पूछताछ की।
इसके बाद पुलिस दोनों शवों को अनुमंडलीय अस्पताल ले गई। वहां कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम की तैयारी की जा रही थी। इस बीच स्वजन ने थानाध्यक्ष से पोस्टमार्टम नहीं कराने का आग्रह किया। स्वजन के आग्रह के बाद दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर उन्हें स्वजन को सौंप दिया गया।
