दुबई की फ्लाइट में गंभीर घटना ने बढ़ाई चिंता, दरभंगा एयरपोर्ट के बाहर सुरक्षा पर सवाल
दुबई की घटना के बाद दरभंगा एयरपोर्ट पर सुरक्षा चिंताएं बढ़ गई हैं, खासकर बाहरी परिसर में यात्रियों की सुरक्षा ...और पढ़ें

यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।
संवाद सहयोगी,दरभंगा । दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में काकपिट के अंदर हुई गंभीर घटना ने विमानन सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सतर्कता की जरूरत को सामने ला दिया है।
उड़ान के दौरान भारतीय कैप्टन स्मित के साहसिक प्रयास की चर्चा देश-दुनिया में हो रही है। घटना के बाद एयरपोर्ट और विमान परिचालन से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
ऐसे समय में दरभंगा एयरपोर्ट और यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा जरूरी हो गई है। एयरपोर्ट परिसर के अंदर सख्त सुरक्षा इंतजाम हैं, लेकिन बाहर दरभंगा-जयनगर मुख्य सड़क पर पुलिस गश्त को लेकर स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं।
दरभंगा एयरपोर्ट के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर पूरे दिन यात्रियों और उनके स्वजन की आवाजाही रहती है। फ्लाइट के आगमन और प्रस्थान के समय यहां भीड़ और बढ़ जाती है।
मुख्य सड़क के आसपास चाय, समोसा सहित खान-पान की कई दुकानें हैं। फ्लाइट में विलंब होने पर यात्री और उनके स्वजन सामान के साथ इन दुकानों के आसपास समय बिताते हैं।
वहीं एयरपोर्ट से निकलने वाले यात्री भी बैग और अन्य सामान लेकर पैदल मुख्य सड़क की ओर जाते हैं। जिनकी सुरक्षा को लेकर कोई व्यवस्था नहीं है। इसमें कई ऐसे यात्री वीवीआईपी होते हें। कई तो विदेशी नागरिक भी होते हैं।
लोगों के अनुसार, एयरपोर्ट और आसपास के क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आवाजाही के अनुपात में पुलिस गश्त दिखाई नहीं देती। लोगों का कहना है कि दिनभर में एक-दो बार पुलिस गश्ती वाहन गुजरता है, लेकिन लंबे अंतराल तक मुख्य सड़क और आसपास के हिस्से में पुलिस की मौजूदगी नजर नहीं आती।
एयरपोर्ट के साथ बस स्टैंड का क्षेत्र भी नजदीक होने से यहां यात्रियों और आम लोगों की भीड़ बनी रहती है। बस स्टैंड के पार्किंग की ठेका और इंचार्जिंग को लेकर कई बार गोलीबारी की घटना भी घट चुकी है।
वहीं यात्रियों के पास मोबाइल, बैग और अन्य सामान होने के कारण भीड़-भाड़ वाले इस इलाके में सुरक्षा और निगरानी महत्वपूर्ण है। स्थानीय लोगों का दावा है कि पूर्व में एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले कुछ यात्रियों के सामान और मोबाइल चोरी होने की घटनाएं भी हुई हैं। जिसकी जानकारी पुलिस को भी है। बावजूद, इन क्षेत्रों में ना तो बेहतर पुलिस गश्त हो रही है और ना ही इसका मुख्यालय स्तर के निर्देश का पालन।
अब दुबई की घटना ने विमान के अंदर सुरक्षा की अहमियत को सामने रखा है, वहीं दरभंगा एयरपोर्ट के बाहर की स्थिति अलग तरह की चुनौती पेश करती है। यहां सवाल विमान की सुरक्षा से अधिक यात्रियों की एयरपोर्ट तक पहुंच और बाहर निकलने के दौरान सुरक्षा का है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फ्लाइट के समय के अनुरूप मुख्य सड़क पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जानी चाहिए। लोगों ने एयरपोर्ट के बाहरी क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त, फ्लाइट के आगमन-प्रस्थान के समय अतिरिक्त निगरानी और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है। इससे यात्रियों और उनके स्वजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत किया जा सकता है।
बाहरी परिसर के सुरक्षा को लेकर सघन गश्त की जा रही है। सीआईएसएफ के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कहीं कोई चूक तो नहीं हो रही इै, इसे लेकर समय-समय पर निरीक्षण भी किया जा रहा है।
-- जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी - एसएसपी, दरभंगा
यह भी पढ़ें- भारतीय पायलट स्मित मच्छर के लिए मोतिहारी में अनुष्ठान, जान पर खेलकर बचाई थी 174 यात्रियों की जान
