दरभंगा एयरपोर्ट पर नवी मुंबई और दिल्ली की उड़ानें घंटों विलंब से पहुंचीं
दरभंगा एयरपोर्ट पर मंगलवार को नवी मुंबई और दिल्ली से आने वाली दो उड़ानें घंटों देरी से पहुंचीं, जिससे यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा। हालांकि, कई अन्य उड़ानें निर्धारित समय पर या उससे पहले भी एयरपोर्ट पहुंचीं।

यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई।
HighLights
नवी मुंबई से अकासा एयर की उड़ान 3.38 घंटे लेट हुई।
दिल्ली से स्पाइसजेट की उड़ान 4.46 घंटे विलंब से पहुंची।
कुछ उड़ानें समय से पहले भी दरभंगा एयरपोर्ट पर पहुंचीं।
संवाद सहयोगी, दरभंगा। हवाई सफर में समय बचाने की उम्मीद लेकर एयरपोर्ट पहुंचने वाले यात्रियों को मंगलवार को इंतजार की लंबी घड़ियों से गुजरना पड़ा। दरभंगा एयरपोर्ट पर नवी मुंबई और दिल्ली से आने वाली दो उड़ानें घंटों विलंब से पहुंचीं।
किसी विमान ने यात्रियों को करीब चार घंटे तक इंतजार कराया तो किसी की देरी पांच घंटे के करीब पहुंच गई। हालांकि, इस बीच कई उड़ानें निर्धारित समय से पहले भी एयरपोर्ट पहुंचीं।
नवी मुंबई की फ्लाइट 3.38 घंटे लेट
नवी मुंबई से दरभंगा आने वाली अकासा एयर की उड़ान (क्यूपी 2011) निर्धारित समय सुबह 10 बजे के बजाय तीन घंटे 38 मिनट विलंब से दोपहर 1:38 बजे पहुंची। इस देरी के कारण यात्रियों को एयरपोर्ट पर लंबा इंतजार करना पड़ा।
दिल्ली की स्पाइसजेट 4.46 घंटे विलंब से पहुंची
दिल्ली से दरभंगा आने वाली स्पाइसजेट की उड़ान (एसजी 2495) मंगलवार को सबसे अधिक विलंबित उड़ानों में रही। यह विमान निर्धारित समय सुबह 11:10 बजे के बजाय चार घंटे 46 मिनट विलंब से दोपहर 3:56 बजे दरभंगा एयरपोर्ट पहुंचा।
कुछ उड़ानें समय से पहले भी पहुंचीं
विलंब के बीच कई उड़ानों का परिचालन समय पर रहा। दिल्ली से आने वाली अकासा एयर की उड़ान (क्यूपी 1201) निर्धारित समय सुबह 10:50 बजे से आठ मिनट पहले पहुंच गई। बेंगलुरु से आने वाली अकासा एयर की उड़ान (क्यूपी 1513) दोपहर एक बजे के निर्धारित समय से 15 मिनट पहले पहुंची।
हैदराबाद से आने वाली इंडिगो की उड़ान (6ई 537) दोपहर 2:25 बजे के निर्धारित समय से 10 मिनट पहले पहुंची। जबकि दिल्ली से आने वाली इंडिगो की उड़ान (6ई 360) नौ मिनट विलंब से दोपहर 3:29 बजे दरभंगा एयरपोर्ट पहुंची।
12 विमानों का हुआ आवागमन
मंगलवार को दरभंगा एयरपोर्ट से दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद और बेंगलुरु के बीच कुल 12 विमानों का आवागमन हुआ। दो उड़ानों की लंबी देरी के कारण यात्रियों को परेशानी हुई, जबकि अन्य उड़ानों के समय पर या मामूली विलंब से पहुंचने से परिचालन सामान्य रहा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।