विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा एयरपोर्ट पर यात्रियों को झटका, मुंबई के बाद दिल्ली की फ्लाइट भी रद, अचानक एलान से बदला प्लान

Published: Thu, 29 Oct 2026 06:13 PM (IST)

दरभंगा एयरपोर्ट पर यात्रियों को मुंबई और दिल्ली की उड़ानें रद्द होने से परेशानी का सामना करना पड़ा। अचानक घोषणा ...और पढ़ें

यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।

यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।

HighLights

  1. मुंबई और दिल्ली की उड़ानें दरभंगा एयरपोर्ट पर रद हुईं।

  2. अचानक रद होने से यात्रियों की यात्रा योजना बिगड़ी।

  3. कुछ यात्रियों ने पटना एयरपोर्ट से यात्रा का विकल्प चुना।

संवाद सहयोगी, दरभंगा। हवाई सफर की तैयारी कर घर से निकले यात्रियों को दरभंगा एयरपोर्ट पहुंचने के बाद निराश होकर लौटना पड़ा। मुंबई से आने वाली अकासा एयर की फ्लाइट पहले ही रद कर दी गई थी, जबकि दिल्ली से आने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट रद होने की सूचना यात्रियों को काफी देर से मिली।

दोपहर तक कई यात्री एयरपोर्ट पहुंच चुके थे। ऐसे में अचानक उड़ान रद होने से उनकी यात्रा की योजना बिगड़ गई। कुछ यात्रियों को घर लौटना पड़ा, जबकि कुछ ने पटना एयरपोर्ट से दिल्ली जाने का विकल्प चुना।

दिल्ली की फ्लाइट रद होने से बढ़ी परेशानी

दिल्ली से दरभंगा आने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट एसजी 2495 निर्धारित शेड्यूल के अनुसार दोपहर तीन बजे पहुंचने वाली थी। प्रतिकूल मौसम के कारण इसके आगमन का समय करीब एक घंटा 20 मिनट बढ़ाकर शाम 4:20 बजे कर दिया गया था। इसके बाद विमान कंपनी ने दोपहर 3:30 बजे अचानक फ्लाइट रद होने की घोषणा कर दी। इस विमान को दरभंगा से दिल्ली के लिए शाम 4:50 बजे रवाना होना था।

एयरपोर्ट पहुंच चुके थे यात्री

फ्लाइट रद होने की सूचना मिलने तक दिल्ली जाने वाले कई यात्री एयरपोर्ट पहुंच चुके थे। अचानक उड़ान रद होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बाद कुछ यात्री निराश होकर घर लौट गए, जबकि कुछ ने पटना एयरपोर्ट से अपनी यात्रा पूरी करने का निर्णय लिया।

मुंबई की फ्लाइट पहले ही रद

मुंबई से दरभंगा आने वाली अकासा एयर की फ्लाइट क्यूपी 1139 भी निर्धारित शेड्यूल में रद रही। हालांकि, इस उड़ान के रद होने की सूचना पहले ही दे दी गई थी। इसके कारण यात्रियों को दिल्ली की फ्लाइट के मुकाबले पहले जानकारी मिल गई थी।

तीन घंटे की देरी से पहुंची स्पाइसजेट

गुरुवार को दरभंगा एयरपोर्ट से दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद और बेंगलुरु के बीच कुल 10 विमानों का आवागमन हुआ। इनमें मुंबई से दरभंगा आने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट एसजी 113 निर्धारित समय दोपहर 12:40 बजे के बदले करीब तीन घंटे की देरी से 3:40 बजे पहुंची।

कई उड़ानें समय से पहले पहुंचीं

दिल्ली से दरभंगा आने वाली अकासा एयर की फ्लाइट क्यूपी 1201 निर्धारित समय सुबह 10:50 बजे से तीन मिनट पहले पहुंच गई। बेंगलुरु से आने वाली अकासा एयर की फ्लाइट क्यूपी 1513 दोपहर एक बजे के निर्धारित समय से 20 मिनट पहले पहुंची।

इसी तरह हैदराबाद से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई 537 दोपहर 2:25 बजे के निर्धारित समय से 15 मिनट पहले और दिल्ली से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई 360 दोपहर 3:20 बजे के निर्धारित समय से 18 मिनट पहले दरभंगा पहुंच गई।

यह भी पढ़ें- दरभंगा एयरपोर्ट से फोरलेन तक पहुंचना होगा आसान, फ्लाईओवर बनने से यात्रियों को होगा फायदा