विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा एयरपोर्ट से फोरलेन तक पहुंचना होगा आसान, फ्लाईओवर बनने से यात्रियों को होगा फायदा

Published: Wed, 28 Oct 2026 08:28 PM (IST)

दरभंगा हवाई अड्डे पर 912 करोड़ की लागत से बन रहे अत्याधुनिक टर्मिनल भवन से मिथिला के विकास का नया ...और पढ़ें

निर्माणाधीन अत्याधुनिक टर्मिनल भवन का निरीक्षण करते सांसद डा. गोपालजी ठाकुर एवं अन्य। सौ. निजी सचिव।

निर्माणाधीन अत्याधुनिक टर्मिनल भवन का निरीक्षण करते सांसद डा. गोपालजी ठाकुर एवं अन्य। सौ. निजी सचिव।

HighLights

  1. 912 करोड़ से बन रहा अत्याधुनिक दरभंगा एयरपोर्ट टर्मिनल भवन।

  2. फोरलेन तक ट्रंपेट इंटरचेंज फ्लाईओवर से कनेक्टिविटी सुधरेगी।

  3. मिथिला पेंटिंग से सजेगा टर्मिनल, यात्री सुविधाएं बढ़ेंगी।

संवाद सहयोगी, दरभंगा। दरभंगा हवाई अड्डे पर 912 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन अत्याधुनिक टर्मिनल भवन के पूरा हो जाने के बाद मिथिला के गौरव और विकास के नए अध्याय की शुरुआत होगी।

दरभंगा हवाई अड्डा न केवल यात्रियों के विमान सुविधा के लिए उपयोगी साबित हो रहा है बल्कि इस हवाई अड्डे के माध्यम से दरभंगा को हवाई संपर्क रोजगार निवेश एवं व्यापार का मुख्य केंद्र बनाने की पहल तेजी से की जा रही है।

बुधवार को सांसद सह एयरपोर्ट सलाहकार समिति के चेयरमैन डा. गोपालजी ठाकुर ने दरभंगा हवाई अड्डे पर लगभग 912 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन नए सिविल एन्क्लेव एवं अत्याधुनिक टर्मिनल भवन का स्थल निरीक्षण करने के बाद मीडिया से उक्त बातें कही।

उन्होंने एयरपोर्ट्स अथारिटी आफ इंडिया के वरिष्ठ अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के अभियंताओं के साथ बैठक में निर्माण कार्यों की प्रगति और तकनीकी पहलुओं की समीक्षा की।

उन्होंने एयरपोर्ट से फोरलेन तक 762 करोड़ की लागत से बनने वाली ट्रंपेट इंटरचेज फ्लाईओवर के निर्माण कार्य को शुरू करने का निर्देश दिया। एयरपोर्ट पर बन रहे सात एप्रन, 10 एक्सलेटर, 12 लिफ्ट, पांच एयरोब्रिज, शेड, रैंप, 64 स्क्वायर मीटर में ढाई सौ वाहन के लिए कार पार्किंग का निरीक्षण कर प्रगति की जानकारी ली।

सांसद ने परियोजना को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता एवं आधुनिक मानकों के अनुरूप पूरा करने पर विशेष जोर दिया। कहा कि यह परियोजना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में हवाई संपर्क के विस्तार और आधुनिक बुनियादी ढांचे के विकास के संकल्प का महत्वपूर्ण उदाहरण है।

उड़ान योजना के माध्यम से दरभंगा हवाई अड्डे ने मिथिला सहित उत्तर बिहार के लाखों लोगों के लिए हवाई यात्रा के नए अवसर खोले हैं। नया टर्मिनल पूरा होने के बाद इस क्षेत्र की कनेक्टिविटी, व्यापार, पर्यटन और रोजगार को नई गति प्रदान करेगा और मिथिला क्षेत्र के लिए वरदान साबित होगा।

एयरपोर्ट के बाहर भीतर मिथिला पेंटिंग से सुसज्जित करने को कहा 

सांसद ने एयरपोर्ट के बगल से गुजरने वाली नदी के सौंदर्यीकरण का निर्देश दिया तथा एयरपोर्ट के बाहर भीतर मिथिला पेंटिंग से टर्मिनल भवन को सुसज्जित करने के लिए कहा।

निर्माणाधीन टर्मिनल भवन में प्रस्तावित यात्री सुविधाओं, आधुनिक चेक-इन व्यवस्था, एयरोब्रिज तथा अन्य तकनीकी सुविधाओं के विषय पर की जानकारी प्राप्त की। साथ ही कम दृश्यता के दौरान सुरक्षित उड़ान संचालन के लिए आवश्यक तकनीकी सुविधाओं के उन्नयन पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

बैठक एवं निरीक्षण के क्रम में सांसद के साथ एयरपोर्ट के डायरेक्टर डा. दिलीप कुमार, एयरपोर्ट अथारिटी के जीएम अमिताभ चक्रवर्ती, प्रोजेक्ट डायरेक्टर सुधीर शर्मा, अश्विनी कुमार, नीरज प्रकाश, गौतम साहा, अखिलेश कुमार, एयरपोर्ट सलाहकार समिति के सदस्य गोपाल चौधरी आदि मौजूद थे।

यह भी पढ़ें- दरभंगा में नौकरी का मौका, 12वीं पास से स्नातक तक के लिए विभिन्न पदों पर होगी भर्ती