विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar News : मिथिला में ‘जैक्सन हाल्ट 2’ की शूटिंग, मैथिली में संजय मिश्रा संग दिखेंगी नीतू चंद्रा

Published: Tue, 27 Oct 2026 09:24 PM (IST)

दरभंगा में नीतू चंद्रा और संजय मिश्रा अभिनीत मैथिली फिल्म 'जैक्सन हाल्ट 2' की शूटिंग चल रही है, जो मिथिला ...और पढ़ें

शूटिंग के दौरान संजय मिश्रा व संजय मिश्रा के साथ नीतू चंद्रा। सौ. फिल्म टीम

शूटिंग के दौरान संजय मिश्रा व संजय मिश्रा के साथ नीतू चंद्रा। सौ. फिल्म टीम

HighLights

  1. 'जैक्सन हाल्ट 2' की शूटिंग दरभंगा में, नीतू चंद्रा, संजय मिश्रा।

  2. मैथिली फिल्म मिथिला की संस्कृति और भावनात्मक थ्रिलर दर्शाएगी।

  3. क्षेत्रीय सिनेमा से रोजगार के अवसर, बिहार की कहानियों को पहचान।

मुकेश कुमार श्रीवास्तव, दरभंगा। बिहार की क्षेत्रीय भाषाओं और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने की दिशा में चंपारण टाकीज प्रोडक्शन हाउस की पहल लगातार आगे बढ़ रही है।

इस कड़ी में निर्माता-अभिनेत्री नीतू चंद्रा और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक नितिन चंद्रा की फिल्म ‘जैक्सन हाल्ट 2’ की शूटिंग इन दिनों दरभंगा में चल रही है। शूटिंग के 10वें दिन फिल्म को लेकर अभिनेत्री नीतू चंद्रा ने बताया कि यह फिल्म मिथिला की जड़ों से जुड़ी भावनात्मक थ्रिलर है, जिसमें रहस्य, रिश्ते और स्थानीय संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।

फिल्म में दरभंगा निवासी राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता संजय मिश्रा भी महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगे। नीतू चंद्रा पहली बार मैथिली भाषा की फिल्म में उनके साथ अभिनय कर रही हैं। नीतू चंद्रा के अनुसार, ‘जैक्सन हाल्ट 2’ पहली फिल्म की भावनात्मक विरासत को आगे बढ़ाती है, लेकिन इसकी कहानी नई है।

फिल्म में वह एक मजबूत मैथिल महिला की भूमिका निभा रही हैं, जो न्याय के लिए संघर्ष करती है। वहीं, संजय मिश्रा नेपाल सीमा क्षेत्र से जुड़े एक जटिल किरदार में दिखाई देंगे। अपने किरदार को वास्तविक बनाने के लिए नीतू ने स्थानीय महिलाओं के साथ समय बिताकर उनकी भाषा, जीवनशैली और सामाजिक परिवेश को समझने का प्रयास किया है।

कहानी की आत्मा है मिथिला

फिल्म की शूटिंग के लिए दरभंगा को चुनने के सवाल पर नीतू चंद्रा ने कहा कि इस कहानी की आत्मा मिथिला में बसती है। उनके लिए दरभंगा केवल शूटिंग की जगह नहीं, बल्कि कहानी का एक महत्वपूर्ण किरदार है।

मिथिला की भाषा, परंपरा, खानपान, लोकगीत और मधुबनी कला ने उनके अभिनय को प्रभावित किया है। दही-चूड़ा और मखाना जैसे स्थानीय व्यंजनों से लेकर लोकसंस्कृति तक, यहां का अनुभव उन्हें अपनी जड़ों से जुड़ने का अवसर दे रहा है।

उन्होंने दरभंगा के लोगों के स्नेह की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय लोगों का अपनापन उन्हें घर जैसा महसूस कराता है। शूटिंग के दौरान हनुमाननगर प्रखंड के पंचोभ स्थित नीमा बांध के पास एक बुजुर्ग महिला ने उनसे कहा कि उन्होंने अपनी भाषा को बड़ा करने का काम किया है। नीतू के अनुसार, उस महिला की आंखों में खुशी और भावुकता देखकर उन्हें लगा कि अपनी संस्कृति के लिए काम करने की असली उपलब्धि यही है।

नेपाल सीमा की कहानी, मिथिला का परिवेश

फिल्म की कहानी नेपाल सीमा क्षेत्र से जुड़ी है, लेकिन इसके सामाजिक और सांस्कृतिक परिवेश में मिथिला की महत्वपूर्ण भूमिका है। नीतू चंद्रा ने बताया कि फिल्म की शूटिंग दरभंगा, मधुबनी और सीमावर्ती क्षेत्रों में लगभग 25 दिनों तक करने की योजना है।

बिहार सरकार और स्थानीय प्रशासन से मिले सहयोग के कारण टीम को विभिन्न स्थानों पर शूटिंग करने में सुविधा मिल रही है। उनके मुताबिक, स्थानीय परिवेश में फिल्मांकन से कहानी को वास्तविक रूप देने में मदद मिलती है।

निर्देशक नितिन चंद्रा के साथ काम करने के अनुभव को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि सेट पर अनुशासन के साथ पारिवारिक माहौल भी बना रहता है। संजय मिश्रा जैसे अनुभवी कलाकार के साथ काम करना सीखने का अवसर है। पूरी टीम स्थानीय भाषा और परिवेश के बीच रहकर फिल्म को स्वाभाविक बनाने का प्रयास कर रही है।

क्षेत्रीय सिनेमा से खुलेंगे रोजगार के अवसर

नीतू चंद्रा का मानना है कि भोजपुरी, मैथिली और मगही जैसी भाषाओं में अच्छी फिल्में बनने से बिहार की कहानियों को व्यापक पहचान मिल सकती है। मिथिला में ऐसी अनेक कहानियां हैं, जिन्हें अब तक बड़े पर्दे पर पर्याप्त जगह नहीं मिली है।

क्षेत्रीय सिनेमा को प्रोत्साहन मिलने से स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं। इससे बिहार में फिल्म निर्माण का मजबूत वातावरण तैयार करने में मदद मिलेगी।

‘जैक्सन हाल्ट 2’ के माध्यम से दर्शकों को अपनी मिट्टी और संस्कृति से जुड़ी एक ईमानदार कहानी देखने को मिलेगी। फिल्म अगले वर्ष की शुरुआत में रिलीज करने की योजना है। नीतू चंद्रा ने दरभंगा, मिथिला के लोगों और बिहार सरकार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि स्थानीय लोगों का प्यार और सहयोग पूरी टीम के लिए प्रेरणादायी है।

यह भी पढ़ें- संजय मिश्रा राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने के बाद पहली बार पहुंचे दरभंगा, लुंगी और टी शर्ट में दिखा देसी लुक