विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा में सीएससी एजेंट लापता, पोखर के पास झाड़ी में मिली बाइक

Published: Wed, 21 Oct 2026 03:50 PM (IST)

केवटी में सीएससी काउंटर बंद कर घर लौट रहा 22 वर्षीय युवक गुड्डू यादव लापता हो गया। उसकी बाइक दिग्घी ...और पढ़ें

दरभंगा निवासी गुड्डू की फाइल फोटो।

दरभंगा निवासी गुड्डू की फाइल फोटो।

HighLights

  1. 22 वर्षीय सीएससी एजेंट गुड्डू यादव लापता

  2. दिग्घी पोखर के पास झाड़ी में मिली बाइक

  3. पहचान पत्र और अन्य सामान बिखरे पाए गए

संवाद सहयोगी, केवटी (दरभंगा)। रोज की तरह सीएससी काउंटर बंद कर बाइक से घर लौट रहा 22 वर्षीय युवक अचानक लापता हो गया। रात में स्वजन से फोन पर बात हुई, लेकिन इसके बाद मोबाइल बंद हो गया।

परिवार के लोग उसकी घर वापसी का इंतजार करते रहे, पर कोई खबर नहीं मिली। तलाश शुरू हुई तो लैला चौड़ से छतवन-बाढ़ पोखर जाने वाली सड़क पर दिग्घी पोखर के पास झाड़ी में उसकी बाइक मिली।

आसपास पर्स, आधार कार्ड और पैन कार्ड समेत अन्य सामान बिखरे पड़े थे। इस दृश्य ने स्वजन की चिंता और बढ़ा दी है। पुलिस मामले की जांच के साथ युवक की तलाश में जुटी है।

काउंटर बंद कर घर लौट रहा था गुड्डू

लापता युवक की पहचान ननौरा पंचायत के बिरखौली गांव निवासी पवन यादव के 22 वर्षीय पुत्र गुड्डू यादव के रूप में हुई है। वह केवटी थाना क्षेत्र के बलहा गांव में सीएससी काउंटर चलाता था।

मंगलवार की देर शाम वह रोज की तरह काउंटर बंद कर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान लैला चौड़-बरही मुख्य सड़क पर उसके साथ कथित छिनतई की घटना होने की बात सामने आई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

रात आठ बजे हुई थी आखिरी बातचीत

स्वजन के अनुसार, मंगलवार रात करीब आठ बजे गुड्डू ने फोन पर बात की थी। इसके बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ बताने लगा। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार के लोगों ने अपने स्तर से खोजबीन की। कोई जानकारी नहीं मिलने पर केवटी थाना पुलिस को सूचना दी गई।

झाड़ी में मिली बाइक, आसपास बिखरे थे दस्तावेज

खोजबीन के दौरान लैला चौड़ से छतवन-बाढ़ पोखर जाने वाली सड़क पर जीवन ईंट भट्ठा के पास दिग्घी पोखर के समीप झाड़ी में गुड्डू की बाइक मिली। आसपास उसका पर्स, आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य सामान बिखरे पड़े थे। इन परिस्थितियों से स्वजन अनहोनी की आशंका जता रहे हैं। हालांकि, युवक के साथ क्या हुआ और सामान वहां कैसे पहुंचा, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

पुलिस को अब तक नहीं मिला ठोस सुराग

थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि गुड्डू की तलाश में पुलिस जुटी है। अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को भी दे दी गई है। विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस ने जल्द मामले का पर्दाफाश करने की बात कही है।

यह भी पढ़ें- पढ़ाई के साथ खेल में भी बनाएंगे पहचान, दरभंगा के स्कूली बच्चों को मिलेगा आगे बढ़ने का मौका