दरभंगा में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर
दरभंगा के बहेड़ी थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बहेड़ी-बहेड़ा एसएच-88 पर बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
दरभंगा में बाइक पेड़ से टकराई, एक की मौत।
बहेड़ी-बहेड़ा एसएच-88 पर हुआ दर्दनाक हादसा।
मृतक चंद्रवीर यादव के साथी गंभीर रूप से घायल।
संवाद सहयोगी, बहेड़ी (दरभंग)। बिहार के दरभंगा जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र के सगुनिया मोड़ स्थित बहेड़ी-बहेड़ा एसएच-88 पर सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई।
जबकि, दूसरे की स्थिति नाजुक बनी हुई है। बताया जाता है कि बसकटी गांव निवासी दिनेश यादव के पुत्र चंद्रवीर यादव (32) अपने ग्रामीण धनेश्वर यादव के पुत्र दलवीर यादव (30) के साथ बहेड़ी बाजार से अपने घर लौट रहे थे।
इस बीच संतुलन बिगड़ने से पेड़ से बाइक की टक्कर हो गई। इसमें चंद्रवीर की मौत हो गई। हालांकि, स्थानीय लोगों ने चंद्रवीर और दलवीर को उठाकर पीएचसी ले गए। जहां चिकित्सक ने चंद्रवीर को मृत घोषित कर दिया और प्राथमिक उपचार के बाद दलवीर को डीएमसीएच के लिए रेफर कर दिया। चंद्रवीर तीन भाई व पांच बहनों में बड़ा था। उसे दो पुत्र व एक पुत्री है।
मां राशवती देवी दहाड़ मारकर रो रही थी। सात वर्षीय पुत्र वियांशु और तीन वर्षीय पुत्र हिमांशु एक टक अपने पिता के शव को देख रहे थे। वहीं चंद्रवीर की पत्नी मुन्नी देवी अपने चार माह की पुत्री को गोद में लेकर शव से लिपटकर रो रही थी। बता दें कि रविवार की रात यह सड़क घटना हुई थी।
विशाल की मौत के बाद सुपौल बाजार में पसरा रहा मातम
बिरौल : पिकअप वैन की चपेट में आने से रविवार को उमेश सहनी के पुत्र विशाल सहनी की मौत के बाद बिरौल थाना क्षेत्र के सुपौल बाजार में सोमवार को मातम रहा।
शोक की इस घड़ी में सुपौल पंचायत के पुराना थाना चौक एवं आदर्श नगर की सरस्वती पूजा समितियों ने मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए सर्वसम्मति से मां सरस्वती की प्रतिमा के विसर्जन जुलूस को स्थगित करने का निर्णय लिया।
पूजा समिति के सदस्यों ने बिना गाजे-बाजे, मौन धारण कर सादगीपूर्ण ढंग से तालाब में प्रतिमा का जल प्रवाह किया। सुपौल पंचायत के पूर्व मुखिया शत्रुघ्न सहनी, सनोज नायक, रामचंद्र सहनी, चौधरी सहनी, बलराम सहनी, रविन्द्र पौद्दार, विनोद चौधरी, उपेन्द्र गाड़ा सहित कई गणमान्य लोगों ने घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
इस दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी शशांक राज, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सह अपर पुलिस अधीक्षक प्रभाकर तिवारी, थानाध्यक्ष चन्द्रमणि, बीडीओ प्रदीप कुमार झा एवं सीओ आदित्य शंकर दल-बल के साथ सुपौल बाजार में भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए थे।
