पति ने लगाई गुहार, मुझे मेरी बीवियों से बचाओ, जानिए क्या है मामला...
पति, पत्नी और वो के बीच का एक अनोखा मामला सामने आया है जिसमें दो बीवियों के चक्कर में फंसकर पति बेचारा अपनी जिंदगी की दुहाई मांगने लगा। पूरा मामला जानने के बाद पुलिस भी चकरा गई है और उस दो बीवियों के पति को जेल भेज दिया गया है।
दरभंगा। पति, पत्नी और वो के बीच का एक अनोखा मामला सामने आया है जिसमें दो बीवियों के चक्कर में फंसकर पति बेचारा अपनी जिंदगी की दुहाई मांगने लगा। पूरा मामला जानने के बाद पुलिस भी चकरा गई।
दूसरी पत्नी और पुलिस से घिरती देख पहली वाली ने यू-टर्न लिया और थाने में उसकी बेवफाई की ही रपट दर्ज करा दी। फिर क्या था, टाउन थाना पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि बहेड़ा के रहने वाले शक्ति कुमार नामक शख्स की पत्नी और उसकी पार्टनर को एक ही छत के नीचे रहना गंवारा न था। पति के मरने के बाद तीन बच्चों वाली एक महिला 8 साल से शक्ति के साथ 'लिव इन रिलेशनशिप' में रह रही थी।
इसी बीच शक्ति ने मधुबनी के झंझारपुर की रहने वाली बबीता कुमारी से शादी रचा ली। बहेड़ा थाने के मायापुर गांव निवासी इंद्रजीत प्रसाद का पुत्र शक्ति पेशे से मेडिकल रिप्रजेंटेटिव है।
जिंदगी बेरंग तब हो गई, जब शक्ति के घर वालों ने उसकी शादी बबीता से रचा दी। घर वालों को न तो यह बात पता थी न, शक्ति ने कभी खुद किसी को भनक लगने दी थी। गैर-महिला से संबंधों वाली बात शक्ति अपनी पत्नी से अब तक छुपाता रहा था।
पुलिस के अनुसार, 2013 में घर वालों ने बबीता से शक्ति की शादी कर दी। हालांकि, पहली महिला सब कुछ जानते हुए भी अंजान रही और शक्ति को अपने पल्लू से दूर जाने नहीं दिया। इसी चक्कर में वह अपनी पत्नी से कटा-कटा सा रहने लगा था।
इधर, इसी हफ्ते उस महिला ने शक्ति की पत्नी को फोन पर सारी बातें बताकर भूल जाने को कह दिया। यह सुनकर उसके पांव तले जमीन खिसक गई। महिला ने कह दिया-'तुम शक्ति को भूल जाओ। वह मेरा हो चुका है और उसे पाने की जिद ना करना'। इसके बाद बबिता ने सारी बातें घर वालों को बताई। इसके बाद इस महिला और शक्ति पर सार्वजनिक दबाव शुरू हो गया।
पत्नी भी तैश में आ गई। बात बिगड़ता देख कुछ क्षण के लिए यह सोचा गया कि पत्नी और 'वो' दोनों एक ही साथ रह लेंगी। लेकिन, दोनों ने नकार दिया। तब महिला ने शक्ति पर यौन शोषण का केस दर्ज करा दिया।
पुलिस ने कहा...
"वाकई यह पुलिस के लिए पेचीदा मामला था। रिश्ते की उलझन को सुलझाने के चक्कर में पुलिस के सामने भी कई बार अजीबोगरीब वाकया सामने उठ खड़ा होता है। हालांकि, शक्ति की पत्नी से पहले इस महिला ने थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। उसपर एक्शन लिया गया है। महिला के आरोपों पर ही शक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।"
- दिलनवाज अहमद (डीएसपी सदर, दरभंगा)