शहर के विकास में राशि की कमी नहीं होने दी जाएगी, सब मिलकर करें विकास : मंत्री
देश विकास कर रहा है। देश में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है।
दरभंगा। देश विकास कर रहा है। देश में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। मैं डॉ. राजेंद्र बाबू का बचपन से फैन हूं। वे हमारे घर पर गए हुए थे। उनके हाथों से लड्डू खाया था। वे महान व्यक्तित्व के धनी थे। ये बातें शुक्रवार को नगर विकास एवं आवास मंत्री सुरेश शर्मा ने कही। वे जीर्णोद्धार के बाद राजेंद्र भवन के उदघाटन समारोह में बोल रहे थे। मंत्री ने कहा कि शहर के विकास के लिए राशि की कमी नहीं होगी। सबके प्रयास से ही शहर सुंदर बनेगा। कहा कि अब महिला बहनों को सूदखोरों के चंगुल में नहीं फंसना पड़ेगा। कारण कि सरकार की ओर से अब उन्हें व्यापार करने के लिए राशि भेजी जा रही है। जलसंकट पर चिता जताते हुए मंत्री ने कहा कि बिहार में जल की कमी नहीं है, लोगों को जागरूक होने की जरूरत है। पर्यावरण संरक्षण की चर्चा करते हुए कहा कि इस दिशा में तेजी से काम हो रहा है। बड़ी संख्या में पौधरोपण किया जा रहा है। शहर में तालाब व कुंआ को जिदा रखने की लोगों से अपील करते हुए कहा कि सरकार व प्रशासन की ओर से इस दिशा में हर संभव सहयोग मिलेगा। मंत्री ने कहा कि शहर में गरीबों के लिए रैन बसेरा की जरूरत थी। कहा कि आगे जरूरत पड़ी तो गरीबों के लिए और आश्रय स्थल बनाए जाएंगे। कहा कि शहर में दुर्गापूजा व दीपावली के अवसर पर दस हजार एलईडी बल्ब लगाने का निर्देश दिया गया है ताकि पूरा शहर चकाचक दिखे। अभी तक मात्र पांच हजार बल्ब ही लगाए गए हैं। सांसद गोपालजी ठाकुर ने कहा कि दरभंगा के विकास में मंत्रीजी का काफी योगदान रहा है। कहा कि बेनीपुर में भी सौंदर्यीकरण एवं स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। वहां भी गरीबों के लिए रैन बसेरा आश्रय स्थल का निर्माण कराया जाए। सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर श्यामा काली मंदिर में कार्यक्रम आयोजित कर उनकी लंबी आयु के लिए प्रार्थना की जाएगी। सांसद ने कहा कि आने वाले दिनों में शहर में एक भी गली कच्ची नहीं रहेगी। शहर को सुंदर बनाने के लिए सभी को मिल कर प्रयास करना होगा। मेयर बैजंती खेड़िया ने नदियों के सौंदर्यीकरण व छठ घाटों के निर्माण की मांग मंत्री के समक्ष रखी। साथ ही लहेरियासराय टावर स्थित कमला नेहरू लाइब्रेरी के जीर्णोद्धार के लिए राशि स्वीकृत करने की मांग की। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने दीनदयाल अन्त्योदय योजना के तहत 24 लोगों को राशि वितरण किया। प्रधानमंत्री इंदिरा आवास योजना के तहत दो लाख बीस हजार की राशि और कौशल विकास मिशन योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त लड़के-लड़कियों को प्रमाण पत्र दिए। मंत्री ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को तीस-तीस हजार रुपये की राशि के साथ ही परिचय पत्र प्रदान किया। कार्यक्रम का संचालन अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के अध्यक्ष डॉ. राजन कुमार ने किया। कार्यक्रम में नगर निगम के अधिकारी व कर्मी, कई जनप्रतिनिधि समेत एनडीए गठबंधन के कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।