हवाई सर्वेक्षण चल रहा, पीड़ितों को नाव भी नसीब नहीं : मदन मोहन झा
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा ने दरभंगा और मधुबनी जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दो दिवसीय भ्रमण करने के बाद मंगलवार को राज्य सरकार की तैयारी पर कई सवाल उठाए। कहा कि भोजन देना तो दूर बाढ़ में फंसे लोगों को भी सुरक्षित जगहों पर नहीं पहुंचाया जा रहा है।
दरभंगा । कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा ने दरभंगा और मधुबनी जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दो दिवसीय भ्रमण करने के बाद मंगलवार को राज्य सरकार की तैयारी पर कई सवाल उठाए। कहा कि भोजन देना तो दूर, बाढ़ में फंसे लोगों को भी सुरक्षित जगहों पर नहीं पहुंचाया जा रहा है। सभी तैयारी और राहत मुहैया कराने की बात कागजों तक ही सिमटी हुई है। दरभंगा परिसदन में प्रेस वार्ता करते हुए प्रदेश अध्यक्ष झा ने कहा कि दो दिनों के भ्रमण दौरान पीड़ितों के मदद में कहीं भी सरकारी कर्मी और सरकार के जनप्रतिनिधि नजर नहीं आए। कहा कि बाढ़ से दर्जनों लोगों की मौत हुई है। लेकिन, प्रशासन मात्र तीन की पुष्टि कर सच्चाई पर पर्दा डालने का काम कर रही है। पीड़ितों को न तो खाना मिल रहा है और न ही ठहरने की कोई व्यवस्था मिल रही है। यह व्यवस्था सुशासन बाबू की पोल खोल रही है। कहा की पानी की रफ्तार चिताजनक है। इसे देखते हुए अब भी ठोस तैयारी के साथ पीड़ितों की मदद करने की मांग की है। सरकार का हाल देखते प्रदेश अध्यक्ष ने अपने कार्यकर्ताओं से बाढ़ पीड़ितों की मदद करने का आह्वान किया है। कहा कि कौन मत दिया और किसने नहीं दिया यह भुलकर मदद करें। सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि पहले बाढ़ की तैयारी का दावा करते थे। आज सारा दावा फेल है। कहा कि हवाई सर्वेक्षण किया जा रहा है। यहां पीड़ितों को नाव भी नसीब नहीं है। मौके पर जिलाध्यक्ष सीताराम चौधरी, मधुबनी जिलाध्यक्ष शीतलाम्बर झा, प्रवक्ता मो. असलम आदि उपस्थित थे।
-------------------------