निकाय कर्मचारी महासंघ ने मशाल जुलूस निकाल जताया विरोध
नगर निगम के सफाई कर्मियों को आउटसोर्सिंग पर बहाल किए जाने के निर्णय के विरोध में सोमवार को निकाय कर्मचारी महासंघ की ओर से मशाल जुलूस निकाला गया।
दरभंगा। नगर निगम के सफाई कर्मियों को आउटसोर्सिंग पर बहाल किए जाने के निर्णय के विरोध में सोमवार को निकाय कर्मचारी महासंघ की ओर से मशाल जुलूस निकाला गया। निगम परिसर से निकला जुलूस कोतवाली चौक, मिर्जापुर चौक, दरभंगा टावर, सुभाष चौक होते हुए आरंभ स्थल पर पहुंचकर समाप्त हुआ। जुलूस के दौरान निर्णय के विरोध में जमकर नारेबाजी की गई। मशाल जुलूस का नेतृत्व कर रहे महासंघ के अध्यक्ष शशिकांत मिश्र ने कहा कि नगर आयुक्त व स्थायी समिति ने कर्मियों को आउटसोर्सिंग पर बहाल करने के प्रस्ताव को पारित कर दिया है। सभी कर्मी इसके विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। कई वर्षो से कर्मी इस उम्मीद से काम कर रहे थे कि उनकी सेवा को नियमित किया जाएगा। लेकिन, सभी कर्मियों को आउटसोर्सिंग पर बहाल किया जा रहा है। यह कर्मियों के साथ अन्याय है। महासंघ के महासचिव मोख्तार अहमद खान ने कहा कि नौ जुलाई से सभी कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे। 15 दिन पूर्व ही नगर आयुक्त व विभाग को इस संबंध में जानकारी दे दी गई थी। कर्मियों के विरोध के बाद भी उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया। अब हड़ताल के बाद शहर की बदहाल स्थिति के लिए निगम प्रशासन जिम्मेवार होगा। जुलूस में राजा राम, वीरेंद्र झा, अनिल राम, प्रभात कुमार, जितेंद्र कुमार, राकेश कुमार साह, अजीत कुमार, मणि कुमार राम, साहिल कुमार, जनार्दन चौधरी, रवि कुमार आदि कर्मी शामिल थे। ठप हो जाएगा साफ सफाई का कार्य :
नौ जुलाई से निगम के सभी सफाई कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे। कर्मियों के हड़ताल पर रहने से साफ-सफाई के साथ नाला उड़ाही का कार्य पूरी तरह ठप हो जाएगा। इधर मानसून प्रवेश कर चुका है। बारिश शुरू हो गई है। पहली बारिश के साथ ही पूरा शहर जलमग्न हो गया है। सड़कों पर जलजमाव है। ऐसे में शहर की स्थिति बद से बदतर होने की संभावना प्रबल हो गई है।