बक्सर में एक साल पहले पत्नी की जहर देकर जान लेने के बाद पति को मारी गोली
बिहार के बक्सर में जमीन विवाद को लेकर एक युवक को गोली मार दी गई। घायल ने अपने बयान में एक साल पहले पत्नी को जहर देकर जान से मारने का भी आरोप लगाया है।
बक्सर, जेएनएन। जिले में बुधवार की सुबह पूर्व के विवाद को लेकर एक युवक को गोली मारने का मामला प्रकाश में आया है। जख्मी युवक को स्थानीय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। चिकित्सकों के अनुसार युवक की स्थिति सामान्य है। घायल युवक के बयान पर तीन बदमाशों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने आरोपितों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। घायल की पहचान अजीत कुमार सिंह के रूप में हुई है।
बाइक सवार तीन ने दिया वारदात को अंजाम
मिली जानकारी के अनुसार राजपुर थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी जगदीश सिंह के पुत्र अजीत कुमार सिंह (28) बुधवार की सुबह खेत घूमने के लिए गए हुए थे। इसी बीच मौका देखकर एक बाइक पर सवार तीन लोगों ने उन पर लगातार दो गोलियां दाग दीं। जिसमें एक गोली उनके बाएं कंधे के पास जा लगी
पूर्व में पत्नी को भी जहर देकर मारने का आरोप
घटना को अंजाम देने के बाद तीनों घटनास्थल से भाग निकले। वारदात के संबंध में घायल अजीत कुमार सिंह ने बताया कि आरोपितों से पुराना जमीनी विवाद चला आ रहा है। जख्मी अजीत कुुमार ने पूर्व में उनकी पत्नी को भी जहर देकर मारने का आरोप लगाया है।
प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने शुरू की जांच
हालांकि, स्थानीय सूत्रों की मानें तो अजीत कुमार ने स्वजातीय लड़की से प्रेम विवाह किया था, एक साल पहले 2019 में अजीत की पत्नी का निधन हो गया था। जिन अभियुक्तों के नाम अजीत ने बताए हैं, उनसे उसका विवाह को लेकर भी विवाद पहले से चल रहा है। उधर, घटना के बाद मौके पर पहुंचकर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। मामले में जख्मी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। चिकित्सकों के अनुसार युवक की स्थिति सामान्य है।