बेटे के लिए वधू देखने गई महिला की दुर्घटना में मौत
बक्सर बक्सर में शादी की लड़की देखने के लिए गई एक महिला की ऑटो और पिक अप की टक्कर
बक्सर : बक्सर में शादी की लड़की देखने के लिए गई एक महिला की ऑटो और पिक अप की टक्कर में घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना में अन्य चार यात्री भी घायल हो गए। घटना शुक्रवार को ब्रह्मापुर थाना क्षेत्र में एनएच 84 पर योगियां गांव के पास हुई।
मृतक महिला की पहचान भोजपुर जिले के बिहिया थाना अंतर्गत धरहरा गांव निवासी आरती देवी उर्फ रूनी देवी(41) पति श्री राम सिंह के रूप में हुई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि महिला बक्सर में अपने बेटे की शादी के लिए लड़की देखने गई थी। लड़की देखने के बाद वह एक ऑटो पर सवार होकर अपने गांव जा रही थी। इसी बीच ब्रह्मापुर थाना क्षेत्र के योगियां गांव के सामने एनएच 84 पर सामने से आ रहे पिकअप ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में ऑटो में सवार महिला की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई और उस पर सवार चार अन्य लोग घायल हो गए। टक्कर मारने के बाद पिकअप बक्सर की तरफ भागने लगा। लेकिन सूचना मिलने के बाद कृष्णा ब्रह्मा थाने की पुलिस ने उसे घेर कर पकड़ लिया। इस घटना के बाद आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को इलाज के लिए बाहर के निजी अस्पताल में भेज दिया। लेकिन उन लोगों का इलाज कहां पर हो रहा है, तत्काल पुलिस को यह जानकारी नहीं मिली। मृतक महिला के स्वजनों के आने के बाद शाम को पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर भेज दिया। पुलिस का कहना है कि घायल लोगों के बारे में पता लगाया जा रहा है।