बक्सर के गांव से IIT खड़गपुर तक का सफर, विकास पाठक की उपलब्धियों में जुड़ा एक और अध्याय
बक्सर के विकास पाठक को लगातार तीसरी बार एसीएम इंडिया अन्वेषण सेतु फेलोशिप 2026-27 के लिए चुना गया है। वे आईआईटी खड़गपुर में इंटरनेट ऑफ थिंग्स नेटवर्क सुरक्षा पर शोध करेंगे, जिससे उनके गांव में खुशी का माहौल है।

अन्वेषण सेतु फेलोशिप के लिए चयनित विकास पाठक। सौ-स्वयं
HighLights
लगातार तीसरी बार एसीएम इंडिया अन्वेषण सेतु फेलोशिप मिली।
आईआईटी खड़गपुर में करेंगे इंटरनेट ऑफ थिंग्स पर शोध।
राष्ट्रीय युवा संसद में तीन बार प्रधानमंत्री की भूमिका निभाई।
संवाद सहयोगी, धनसोई (बक्सर)। बक्सर के करैला गांव निवासी श्रीनिवास पाठक के पुत्र विकास पाठक ने शैक्षणिक और शोध के क्षेत्र में एक और उपलब्धि हासिल की है।
उनका चयन लगातार तीसरी बार एसीएम इंडिया अन्वेषण सेतु फेलोशिप 2026-27 के लिए हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से पैतृक गांव सहित पूरे पंचायत में खुशी का माहौल है।
विकास पाठक वर्तमान में राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय से कंप्यूटर विज्ञान एवं अभियांत्रिकी में पीएचडी कर रहे हैं। फेलोशिप के तहत वह भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT), खड़गपुर में इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IOTआइओटी) नेटवर्क सुरक्षा के क्षेत्र में शोध करेंगे।
उनके शोध का मार्गदर्शन आइआइटी खड़गपुर के प्रोफेसर सुदीप मिश्रा और राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय के डॉ. मुजम्मिल हुसैन करेंगे।
इससे पहले शैक्षणिक सत्र 2024-25 में उनका चयन अंतरराष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, हैदराबाद और 2025-26 में आइआइटी खड़गपुर में शोध के लिए हुआ था। इस तरह लगातार तीसरे शैक्षणिक सत्र में उन्हें अन्वेषण सेतु फेलोशिप के लिए चुना गया है।
शिक्षण और शोध के क्षेत्र में भी रहा है अनुभव
विकास पाठक को शिक्षण के क्षेत्र में भी अनुभव है। वर्ष 2017 में उन्होंने बेंगलुरु स्थित कर्नाटक सरकार के एक विद्यालय में अध्यापन किया।
इसके बाद वर्ष 2022 से 2023 तक जयपुर के आइसीएफएआइ विश्वविद्यालय में सहायक प्राध्यापक के रूप में सेवाएं दीं।
राष्ट्रीय युवा संसद में तीन बार बने प्रधानमंत्री
शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ विकास छात्र नेतृत्व और युवा गतिविधियों में भी सक्रिय रहे हैं। वर्ष 2020 से 2022 तक वह राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के अध्यक्ष रहे।
वर्ष 2021-22 में एबीवीपी राजस्थान की प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य रहे। इसके बाद 2022 से 2024 तक लगातार दो बार थिंक इंडिया, एबीवीपी राजस्थान के संयोजक की जिम्मेदारी संभाली।
उनकी एक खास उपलब्धि राष्ट्रीय युवा संसद से भी जुड़ी है। राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय में आयोजित 16वीं, 17वीं और 18वीं राष्ट्रीय युवा संसद में उन्होंने लगातार तीन बार प्रधानमंत्री की भूमिका निभाई।
इस उपलब्धि के लिए उन्हें भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय की ओर से पुरस्कृत भी किया जा चुका है। विकास की इस उपलब्धि पर बसाव पीठाधीश्वर गुरुदेव जी महाराज ने आशीर्वाद देते हुए प्रसन्नता जताई।