मधुबनी में 3 लोगों को गोली मारने के आरोपित बक्सर के ASI की लाश मिलने से सनसनी, सैनिक पिता पर भी हत्या का मामला
मधुबनी में बाबूबरही गोलीबारी मामले में फरार निलंबित एएसआई चंद्रमोहन सिंह का शव मिला है। उसके सिर में गोली लगी ...और पढ़ें

बक्सर के डुमरांव में एसआई चंद्रमोहन के परिवार का घर (बांए)। जागरण
HighLights
निलंबित एएसआई चंद्रमोहन सिंह का शव मिला।
वह मधुबनी गोलीबारी मामले में फरार चल रहा था।
सिर में गोली लगी, कमर में सर्विस पिस्टल मिली।
संवाद सहयोगी, डुमरांव (बक्सर)। मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ में ग्रामीण की हत्या और तीन लोगों को गोली मारकर घायल करने के मामले में फरार निलंबित ASI चंद्रमोहन सिंह का शव गुरुवार रात मिला।
मधुबनी में ही शव मिलने की सूचना के बाद उसके पैतृक गांव चिलहरी में पूरे दिन सन्नाटा पसरा रहा। इस मामले में गांव के लोग कुछ बोलने से परहेज करते दिखे।
परिवार के लोग शव लाने के लिए मधुबनी रवाना हो गए हैं। घर पर मौजूद महिलाएं इस घटना पर कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं दिखीं।
कमर में लटकी थी सर्विस पिस्टल, सिर में लगी थी गोली
चंद्रमोहन का शव बलिराजगढ़ में एक झाड़ी में मिला। ग्रामीणों का कहना है कि उसके सिर में गोली लगी थी और कमर में सर्विस पिस्टल लटकी हुई थी। मौके से लैपटाप, मोबाइल और आधार कार्ड भी बरामद हुआ है।
आधार कार्ड से उसकी पहचान की गई। गौरतलब है कि दो नवंबर की रात बलिराजगढ़ पुलिस पिकेट के समीप एक घर में कथित तौर पर गलत नीयत से घुसने के आरोप में ग्रामीणों ने उसे कमरे में बंद कर दिया था।
इसके बाद जुटी भीड़ पर उसने सर्विस रिवाल्वर से करीब छह राउंड फायरिंग की थी। इसमें एक ग्रामीण की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे। तब से वह फरार था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
चार भाइयों में सबसे छोटा था चंद्रमोहन
चिलहरी गांव में चंद्रमोहन चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसके दो भाई दिव्यांग हैं, जबकि तीसरा गांव में किराना दुकान चलाते है। तीनों भाई मां के साथ पैतृक घर में ही रहते हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक चंद्रमोहन का गांव आना-जाना कम था। हालांकि, घटना के बाद उसके चुपके से गांव आने की चर्चा भी रही थी।
उसकी तलाश में पुलिस और एसटीएफ ने गांव सहित कई ठिकानों पर छापेमारी की थी। वर्ष 2010 में बिहार पुलिस में सिपाही के पद पर नियुक्त चंद्रमोहन पदोन्नति पाकर सहायक अवर निरीक्षक बना था।
उसके पिता रविन्द्र सिंह सेना में जवान थे। उनके खिलाफ तीन सैन्यकर्मियों की हत्या का मामला दर्ज हुआ था और उन्हें करीब 14 वर्ष जेल में रहना पड़ा था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।