विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वर्ल्ड चैंपियन महिला ऑलराउंडर के गांव तक बनेगी पक्की सड़क, बक्सर में प्रशासन ने शुरू की भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया

Published: Sat, 10 Oct 2026 06:21 PM (GMT+05:30)

बक्सर के डुमरांव स्थित सिमरी अंचल के मुकुंदपुर गांव में पक्की सड़क का सपना अब साकार होने वाला है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. सामाजिक प्रभाव मूल्यांकन रिपोर्ट के बाद प्रक्रिया तेज।

  2. आपातकालीन स्थिति में मरीजों को ले जाने की समस्या होगी खत्म।

  3. शिक्षा, स्वास्थ्य और आवागमन में मिलेगी बड़ी सुविधा।

संवाद सहयोगी, डुमरांव (बक्सर)। सिमरी अंचल के मुकुंदपुर गांव के ग्रामीणों का पक्की सड़क का सपना अब साकार होने के करीब पहुंच गया है।

सामाजिक प्रभाव मूल्यांकन की रिपोर्ट मिलने के बाद जिला प्रशासन ने जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज कर दी है। इस संबंध में प्रारंभिक सूचना भी प्रकाशित कर दी गई है।

संपर्क पथ निर्माण की दिशा में प्रशासनिक पहल शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीण अवकाश प्राप्त दारोगा हरिशंकर सिंह, रामबदन सिंह यादव, रामतपेशा, परमहंस जी, महेंद्र प्रसाद और बजरंग कुमार ने सड़क निर्माण की प्रक्रिया में तेजी आने पर प्रसन्नता जताई।

उन्होंने कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद उनके गांव में पक्की सड़क निर्माण को लेकर प्रशासनिक स्तर पर पहल हुई है।
इससे वर्षों पुराना सपना पूरा होने की उम्मीद जगी है।

ग्रामीणों के अनुसार, गांव में संपर्क सड़क नहीं होने से सबसे अधिक परेशानी आपातकालीन स्थिति में होती है। अवकाश प्राप्त दारोगा हरिशंकर सिंह ने बताया कि गांव में किसी व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने पर उसे चारपाई पर लिटाकर आधा दर्जन लोगों की मदद से मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ता है।

इसके बाद मरीज को इलाज के लिए डुमरांव पीएचसी या अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया जाता है। सड़क के अभाव में ग्रामीणों को आवागमन में भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों ने बताया कि संपर्क पथ की कमी का असर सामाजिक और लोकतांत्रिक गतिविधियों पर भी पड़ता है। आवागमन में परेशानी के कारण गांव की कई महिलाएं मतदान करने जाने से कतराती हैं।

लोगों को मिलेगी सुविधाएं

ग्रामीणों का कहना है कि पक्की सड़क बनने से शिक्षा, स्वास्थ्य, आवागमन और अन्य जरूरी सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी।

ग्रामीणों ने यह भी कहा कि इसी गांव की एक बेटी ने क्रिकेट के क्षेत्र में विश्व विजेता टीम की आलराउंडर खिलाड़ी के रूप में देश-दुनिया में अपनी पहचान बनाई है। अनु कुमारी ने भारतीय नेत्रहीन महिला क्रिकेट टीम में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे बिहार का मान बढ़ाया है।

इसके बावजूद गांव में सड़क जैसी बुनियादी सुविधा का अभाव लंबे समय से बना हुआ है। अब जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होने से ग्रामीणों को जल्द सड़क निर्माण की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस-वे को लेकर आया अपडेट, जमीन अधिग्रहण तेज, पढ़ें रैयत कैसे दर्ज कराएं आपत्ति