विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बक्सर में रघुनाथपुर ROB निर्माण में आएगी तेजी, 0.81 एकड़ जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू

Published: Sun, 01 Nov 2026 01:50 AM (IST)

बक्सर के रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन पर बन रहे रेल ओवरब्रिज (आरओबी) के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में तेजी लाई गई है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. आरओबी के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में तेजी।

  2. कुल 0.81 एकड़ जमीन की आवश्यकता, निजी भूखंड शामिल।

  3. यातायात सुगम होगा, फाटक बंद होने की समस्या खत्म।

जागरण संवाददाता, बक्सर। रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन से सटे पश्चिमी समपार फाटक के विकल्प के रूप में बन रहे रेल ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण में अब तेजी आने की उम्मीद है।

इसके लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। परियोजना के लिए कुल 0.3282 हेक्टेयर यानी लगभग 0.81 एकड़ जमीन की जरूरत है।

इसमें करीब 87.2 प्रतिशत निजी रैयती जमीन है। भूमि अधिग्रहण की संशोधित अधिघोषणा के अनुसार, कुल 66 निजी भूखंडों के साथ 11 सरकारी भूखंड भी अधिग्रहण के दायरे में हैं। निजी जमीन का रकबा करीब 0.70747 एकड़ है, जबकि सरकारी जमीन 0.10353 एकड़ है।

भूमि अधिग्रहण के लिए ब्रह्मपुर अंचल के रघुनाथपुर और ढोढनपुरा मौजा की जमीन चिह्नित की गई है। रघुनाथपुर मौजा में 0.69906 एकड़ और ढोढनपुरा मौजा में 0.11194 एकड़ जमीन शामिल है।

रघुनाथपुर में 64 निजी भूखंड और 11 सरकारी भूखंड हैं, जबकि ढोढनपुरा में दो निजी भूखंड अधिग्रहण के दायरे में हैं। इस तरह कुल 66 निजी भूखंडों की जमीन ली जानी है।

हालांकि, भूखंडों की संख्या और वास्तविक भू-स्वामियों की संख्या अलग-अलग है, क्योंकि कई भूखंडों पर एक से अधिक सह-रैयतों के नाम दर्ज हैं।

सरकारी जमीन में आम रास्ता, पुरानी परती, हनुमान मंदिर और अनाबाद सर्वसाधारण श्रेणी की जमीन शामिल है। इनका कुल रकबा करीब 0.08006 एकड़ है।

इसके अतिरिक्त जिला परिषद की 0.02347 एकड़ जमीन भी परियोजना के लिए अधिग्रहित की जानी है। इस प्रकार सरकारी जमीन में सामान्य सरकारी खाते की नौ प्रविष्टियां और जिला परिषद के दो भूखंड शामिल हैं।

भूमि अधिग्रहण की अधिघोषणा में प्रभावित परिवारों की संख्या शून्य दर्शाई गई है, हालांकि निजी भूखंडों पर कई भू-स्वामियों के नाम दर्ज हैं।

शुरू हो चुका है निर्माण कार्य

आरओबी का निर्माण कार्य पहले ही शुरू हो चुका है। निर्माण स्थल पर सड़क के लिए पहले से उपलब्ध जमीन पर काम तेजी से चल रहा है। लेकिन परियोजना के शेष हिस्से के लिए जरूरी निजी और सरकारी जमीन का अधिग्रहण पूरा होना भी जरूरी है।

भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य को और गति मिलने की उम्मीद है। यह ओवरब्रिज रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन के पश्चिमी समपार फाटक का विकल्प बनेगा।

फिलहाल मुख्य रेल लाइन पर स्थित इस फाटक को ट्रेनों के गुजरने के दौरान बंद करना पड़ता है। इससे ब्रह्मपुर-बगेन मार्ग पर वाहनों का परिचालन रुक जाता है और दोनों ओर वाहनों की कतार लग जाती है।

खासकर व्यस्त समय में राहगीरों और वाहन चालकों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है। आरओबी का निर्माण पूरा होने के बाद इस मार्ग पर वाहन बिना रेलवे फाटक के अवरोध के लगातार आ-जा सकेंगे। इससे स्थानीय ग्रामीणों के साथ इस मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों और व्यावसायिक वाहनों को भी राहत मिलेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।