बक्सर में पूजा पंडाल से 10 फीट की दूरी पर बिक रहा था मांस, विरोध के बाद पुलिस ने बंद कराई बिक्री
बक्सर में नवरात्रि के दौरान पूजा पंडाल के पास मांस-मछली की बिक्री को लेकर हंगामा हुआ। पुलिस ने धार्मिक भावनाओं ...और पढ़ें

विरोध में हंगामा करते लोग
जागरण संवाददाता, बक्सर। नवरात्रि पर लोगों की धार्मिक भावनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा शहर में मांस मछली की बिक्री पर रोक लगा दी गई थी। इस बीच पूजा पंडाल के बगल में ही मांस मछली की बिक्री होने पर सोमवार की रात हंगामा हो गया।
हालांकि, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्ष को शांत कराते हुए नवरात्रि के दौरान मांस, मछली की बिक्री को बंद करा दिया।
पंडाल से महज 10 फीट की दूरी पर खुली दुकान
मिली जानकारी के अनुसार, शहर के मेनरोड अंतर्गत सत्यदेव गंज का यह मामला है। सरस्वती पुस्तकालय रोड के मोड़ पर ही पिछले 27 वर्षों से हर साल शारदीय नवरात्र के दौरान स्थानीय युवा मंडली जय मां भवानी दुर्गापूजा समिति पूजा पंडाल तैयार कर माता दुर्गा की प्रतिमा रखती आ रही है।
हर साल नवरात्र के दौरान लोगों की भावनाओं को देखते हुए आसपास के तमाम छोटे बड़े दुकानदार मांस मछली की बिक्री बंद कर देते हैं। इस बीच कुछ ही दिनों पहले पूजा पंडाल से महज 10 फीट की दूरी पर डोमिनोज पिज्जा के नाम से एक नई दुकान खुली है, जिसमें मांस मछली सारी चीजों की बिक्री हो रही है।
वरात्र के दौरान मांस मछली की बिक्री बंद करने को कहा
नवरात्र नजदीक आते ही पूजा समिति के युवकों ने दुकानदार को नवरात्र के दौरान मांस मछली की बिक्री बंद करने के लिए कहा था। बावजूद इसके नवरात्रि के दूसरे दिन भी मांसाहार की बिक्री होने की जानकारी मिलते ही युवक भड़क गए और नारेबाजी करते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
समिति के सचिव सागर कुमार ने बताया कि वर्ष 1999 से यहां शारदीय नवरात्र में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाती है। पूजा पंडाल के परिसर में मांसाहारी भोजन की बिक्री से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। इधर घटना की शिकायत मिलते ही नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह तत्काल मौके पर पहुंच गए और स्थिति को समझने के बाद दोनों पक्ष को शांत कराया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि लोगों की धार्मिक भावनाओं को देखते हुए नवरात्रि के दौरान दुकानदार को मांसाहार की बिक्री बंद करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, इस मामले में पूजा समिति की ओर से नगर थाना में लिखित शिकायत देते हुए कार्रवाई की मांग की गई है।
