धान अधिप्राप्ति नहीं करने वाले पैक्सों को लगी फटकार
बक्सर प्रखंड के कई पंचायतों के किसानों ने अपनी धान खरीद नही किये जाने व सरकार द्वारा तय
बक्सर : प्रखंड के कई पंचायतों के किसानों ने अपनी धान खरीद नही किये जाने व सरकार द्वारा तय राशि से कम राशि के भुगतान किए जाने को लेकर विगत दिनों जिला पदाधिकारी से शिकायत की थी। जिसको लेकर मंगलवार को अनुमंडल पदाधिकारी कृष्णकांत उपाध्याय द्वारा प्रखंड सभागार भवन में क्षेत्र के किसान व पैक्स अध्यक्षों के साथ बैठक की।
इस बैठक में जहां किसानों की समस्या व पैक्स अध्यक्ष की समस्या सुनी। वहीं, सिकरौल, जलीलपुर व पवनी पैक्स को धान खरीद में कोताही पर फटकार लगाई व तत्काल किसानों के धान खरीद करने का दिशा निर्देश दिया। उन्होंने ये भी कहा कि धान खरीद में कोई कोताही बर्दाश्त नही की जाएगी। निर्धारित समय 48 घण्टे के अंदर किसानों के खाते में राशि जानी चाहिए। उन्होंने कहा इस बार सौ फीसदी किसानों के धान खरीद होंगे। सिकरौल के किसान कैलासपति सिंह समेत अन्य किसान व पवनी के किसान निर्मल सिंह कुशवाहा ने बताया कि पैक्स अध्यक्ष धान खरीद करने में आनाकानी कर रहे है। जहां सरकार द्वारा तय की गई धान की कीमत 1868 के बदले 1600 व 1650 रुपये की राशि की ही भुगतान करने को कह रहे है। ऊपर से एक किवंटल धान में पांच किलो धान पइया के रूप में काट लेने की बात करते है। सबसे ज्यादा शिकायत सिकरौल व जलीलपुर पैक्स की थी। सिकरौल पैक्स का गोदाम हमेशा बन्द रखने की भी शिकायत की गई। अनुमंडल पदाधिकारी ने प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी जनार्दन सिंह से दोनों पैक्सों की रिपोर्ट देने को कहा। बैठक में जिला सहकारिता पदाधिकारी भी मौजूद रहे।